HIGHLIGHTS:
- चूल्हा जलाकर कांग्रेस का प्रदर्शन
- गैस सिलेंडर की प्रतीकात्मक अंत्येष्टि
- महंगाई के खिलाफ नारेबाजी
- 29 रुपए बढ़ोतरी पर विरोध
- कीमतें वापस लेने की मांग

DATIYA CONGRESS PROTEST: दतिया। घरेलु रसोई गैस के दाम बढ़ने से कांग्रेस कमेटी मंगलवार को दतिया में अनोखा प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक दांगी बगदा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजगढ़ पीतांबरा चौराहे के पास सड़क किनारे चूल्हा जलाकर रोटी-सब्जी बनाई और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर को फूल-माला पहनाकर जोरदार नारेबाजी की। धूपबत्ती जलाकर बढ़ती महंगाई और गैस की बढ़ी कीमतों के खिलाफ नाराजगी जताई गई।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि लगातार बढ़ रही गैस कीमतों से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों का बजट प्रभावित हो रहा है।
कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक दांगी बगदा ने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा सरकार होने के बावजूद महंगाई पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में हाल ही में 29 रुपए की बढ़ोतरी कर आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला गया है।
उनका कहना था कि बढ़ती कीमतों का सबसे ज्यादा असर महिलाओं और निम्न आय वर्ग के परिवारों पर पड़ रहा है।
17 लाख यात्रियों के भोजन पर नहीं पड़ेगा असर, LPG कमी के बीच IRCTC ने अपनाया इलेक्ट्रिक कुकिंग मॉडल
महिलाओं ने भी जताई नाराजगी
महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष गुड्डी जाटव और कांग्रेस नेत्री रेखा अहिरवार ने कहा कि एक तरफ महिला सशक्तिकरण की बात की जाती है, वहीं दूसरी ओर रसोई का खर्च लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आमदनी नहीं बढ़ रही, लेकिन जरूरी सामानों की कीमतें लगातार बढ़ती जा रही हैं।
प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतें वापस लेने की मांग की।