Chambalkichugli.com

Sheopur News: एंबुलेंस बनी तमाशा…श्योपुर में पैर फ्रैक्चर मरीज को ठेले से अस्पताल पहुंचाना पड़ा

Sheopur News

Sheopur News: श्योपुर। करहाल के पालीवाल चौक स्थित कुशवाहा मोहल्ले में शुक्रवार दोपहर एक युवक शंभु कुशवाहा का पैर घर पर सीढ़ी से गिरने के कारण गंभीर रूप से फ्रैक्चर हो गया। परिजन घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाना चाहते थे, लेकिन 108 एंबुलेंस सेवा ने कई कॉल करने के बाद भी मदद से इनकार कर दिया। मजबूरन परिजन लकड़ी के ठेले पर शंभु को लिटाकर अस्पताल ले गए। एंबुलेंस सेवा की लापरवाही परिवार ने बताया कि आधे घंटे तक एंबुलेंस का इंतजार किया गया, लेकिन कोई वाहन उपलब्ध नहीं होने के कारण मदद नहीं मिली। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि की और तुरंत इलाज शुरू किया (Sheopur News)। स्थानीय लोगों में नाराजगी इस घटना के बाद स्थानीय लोग स्वास्थ्य सेवाओं की लापरवाही को लेकर नाराज हैं। उन्होंने प्रशासन से सवाल किया कि यदि तहसील मुख्यालय पर ही आपातकालीन एंबुलेंस सुविधा नहीं है, तो ग्रामीण क्षेत्रों में मरीजों को कितनी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।  प्रशासन से सुधार की मांग स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर व्यवस्था में सुधार करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी न हो (Sheopur News)।

Guna News: इटारसी, बीना और गुना रेलवे स्टेशनों पर छठ गीतों की गूंज, यात्रियों ने त्योहार का अनुभव किया

Guna News

Guna News: इटारसी। भारतीय रेलवे ने छठ पूजा के अवसर पर यात्रियों को त्योहार की भावना से जोड़ने और उनकी यात्रा को सुखद बनाने के लिए देशभर के प्रमुख स्टेशनों पर पारंपरिक छठ गीतों का प्रसारण शुरू किया है। इस पहल के तहत पटना, दानापुर, हाजीपुर, भागलपुर, जमालपुर, सोनपुर, नई दिल्ली, गाज़ियाबाद, आनंद विहार टर्मिनल समेत 30 से अधिक प्रमुख स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से छठ गीत बजाए जा रहे हैं। इटारसी, बीना और गुना में भक्तिमय माहौल भोपाल मंडल के तहत रानी कमलापति, बीना, गुना और इटारसी रेलवे स्टेशनों पर बिहार की ओर जाने वाली छठ पूजा विशेष ट्रेनों के रवाना होने से पहले छठ गीतों का प्रसारण किया जा रहा है। यात्रियों ने बताया कि “केलवा के पात पर उगेलन सुरुजदेव”, “कांच ही बांस के बहंगिया”, “छठी मइया के करब हम वरतिया” और “मांगेला हम वरदान हे गंगा मइया” जैसे पारंपरिक गीत सुनकर उन्हें अपने घर और आस्था से जुड़ने का अनुभव हुआ। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों के आराम और सुरक्षा के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए हैं। प्रमुख स्टेशनों पर प्रतीक्षा स्थल बनाए गए हैं, जहाँ यात्री आराम से अपनी ट्रेनों का इंतजार कर सकते हैं। इसके अलावा आरपीएफ कर्मियों की अतिरिक्त तैनाती और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की गई है। इस पहल से स्टेशन परिसर भक्तिमय और उत्सवमय माहौल में बदल गया, जिससे यात्रियों को त्योहार का सजीव अनुभव प्राप्त हुआ। (Guna News)

Ashoknagar News: कलेक्टर ने दो पटवारियों को किया निलंबित, भू-माफिया से मिलीभगत का आरोप

Ashoknagar News

Ashoknagar News: अशोकनगर कलेक्टर आदित्य सिंह ने शनिवार को दो पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित पटवारियों में प्रेक्षा जैन और परमाल सिंह यादव शामिल हैं। दोनों पर शासकीय कार्यों में गंभीर अनियमितताओं साथ ही लापरवाही का आरोप है। भू-माफिया से मिलीभगत प्रेक्षा जैन तत्कालीन हल्का क्रमांक 4 और वर्तमान में हल्का क्रमांक 26 में पदस्थ थीं। उन पर आरोप है कि उन्होंने भू-माफियाओं के साथ मिलीभगत कर शासकीय भूमि से जुड़े दस्तावेजों में हेरफेर किया। इसके तहत फर्जी पट्टे बनाए गए, दस्तावेजों में फर्जी नाम दर्ज किए गए और भूमि पर प्लॉटिंग का काम शुरू करवाया गया। मामला सिविल न्यायालय में विचाराधीन था, लेकिन पटवारी द्वारा तथ्यों को छिपाकर अनुचित रिपोर्ट पेश की गई, जिससे न्यायालय में नामांतरण संभव हुआ। कलेक्टर आदित्य सिंह ने 22 अगस्त को प्रेक्षा जैन को कारण बताओ नोटिस जारी किया था, जिसका जवाब असंतोषजनक पाया गया। इसके बाद उन्हें म.प्र. सिविल सेवा नियम 1966 के नियम-9 के तहत निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), अशोकनगर कार्यालय रहेगा और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। शासकीय कार्य में लापरवाही पटवारी परमाल सिंह यादव तहसील शाढौरा में पदस्थ हैं। तहसीलदार शाढौरा के प्रतिवेदन के आधार पर उन पर शासकीय कार्य में गंभीर लापरवाही और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना का आरोप पाया गया। तहसीलदार ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की, जिस पर कलेक्टर ने परमाल सिंह यादव को भी म.प्र. सिविल सेवा नियम 1966 के नियम-9 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय भी अनुविभागीय अधिकारी, अनुभाग अशोकनगर कार्यालय रहेगा और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

Actor Satish Shah passes away: नहीं रहे ‘साराभाई वर्सेज साराभाई’ के इंद्रवदन…

Actor Satish Shah passes away

Actor Satish Shah passes away: बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर एक्टर सतीश शाह का शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में निधन हो गया। वे 74 साल के थे और लंबे समय से किडनी से जुड़ी बीमारी से जूझ रहे थे। हाल ही में उनका किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। उनके मैनेजर ने बताया कि सतीश शाह का पार्थिव शरीर फिलहाल अस्पताल में ही रखा गया है और अंतिम संस्कार रविवार को किया जाएगा। सतीश शाह का जन्म 25 जून 1951 को एक गुजराती परिवार में हुआ था। उन्होंने अपने शानदार अभिनय से टेलीविजन और फिल्मों दोनों में एक खास जगह बनाई थी। ‘साराभाई वर्सेज साराभाई’ से मिला घर-घर में नाम टीवी शो ‘साराभाई वर्सेज साराभाई’ में इंद्रवदन साराभाई का रोल निभाकर सतीश शाह हर घर में मशहूर हो गए थे। इसके अलावा उन्होंने ‘जाने भी दो यारो’, ‘मैं हूं ना’ (2004), ‘कल हो ना हो’ (2003), ‘फना’ (2006) और ‘ओम शांति ओम’ (2007) जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में भी यादगार किरदार निभाए। कई भूमिकाओं में चमके साल 2008 में सतीश शाह ने अर्चना पूरन सिंह के साथ टीवी शो ‘कॉमेडी सर्कस’ में बतौर जज काम किया था। वहीं, साल 2015 में उन्हें फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) की सोसाइटी का सदस्य भी बनाया गया था। सतीश शाह की शानदार कॉमिक टाइमिंग और जिंदादिल शख्सियत ने उन्हें मनोरंजन जगत का एक अनमोल सितारा बना दिया था। उनके जाने से फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर है।

India Vs AUS: रो-को के सामने नतमस्तक हुआ ऑस्ट्रेलिया, भारत ने 9 विकेट से दी करारी शिकस्त…

India Vs AUS

India Vs AUS : सिडनी वनडे में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से हराकर सीरीज में शानदार अंत किया। कप्तान शुभमन गिल के 24 रन पर आउट होने के बाद मैदान पर उतरे विराट कोहली और रोहित शर्मा ने ऐसा तूफान मचाया कि सिडनी क्रिकेट ग्राउंड “रो-को” के नाम से गूंज उठा। 237 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दोनों दिग्गज बल्लेबाजों ने नाबाद 168 रन की साझेदारी कर भारत को एकतरफा जीत दिलाई। रोहित शर्मा ने 121 रनों की धमाकेदार शतकीय पारी खेली जबकि विराट कोहली 74 रन बनाकर नाबाद लौटे। इस जीत के साथ ही रोहित ने अपने वनडे करियर का 33वां शतक लगाया, वहीं कोहली ने कुमार संगकारा को पीछे छोड़ वनडे इतिहास के दूसरे सबसे कामयाब बल्लेबाज बन गए। उनसे आगे अब सिर्फ सचिन तेंदुलकर हैं। कैसा रहा गेंदबाज़ो का प्रदर्शन इस मैच में टीम इंडिया के गेंदबाजों ने भी कमाल दिखाया। ऑस्ट्रेलिया की टीम जो 3 विकेट पर 183 रन पर थी, वह सिर्फ 236 रन पर सिमट गई। युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट चटकाए और आलोचकों को करारा जवाब दिया। भारत के सभी 6 गेंदबाजों ने विकेट झटके, जिनमें वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज और अक्षर पटेल शामिल थे। सिडनी में यह मुकाबला शायद आखिरी बार था जब विराट कोहली और रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलियाई धरती पर साथ बल्लेबाजी कर रहे थे, और उन्होंने फैंस को यादगार शाम दी। मैदान में मौजूद करीब 30 हजार भारतीय समर्थक “रो-को शो” का गवाह बने और हर रन पर झूम उठे। READ MORE:  इंदौर की बहू बनेंगी किक्रेटर Smriti Mandhana, टीम इंडिया का 19 अक्टूबर को इंग्लैंड से मुकाबला

Datia Firing Case: दतिया में युवक पर हमला, तीन आरोपी फरार…

Bhind News

Datia Firing Case: दतिया जिले में उधार के पैसे मांगना एक युवक को भारी पड़ गया। हरदौल मोहल्ला निवासी 32 वर्षीय संजीव ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि किशन कुशवाह, अजय कुशवाह और अंकित कुशवाह नाम के तीन लोगों ने उस पर हमला किया और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के अनुसार, घटना शुक्रवार रात की है। संजीव घर के बाहर बैठा था, तभी तीनों आरोपी उसके घर के सामने से गुजर रहे थे। जब संजीव ने किशन से उधार के पैसे वापस मांगे, तो तीनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर किशन ने उसकी छाती में लात मारी, अंकित ने चेहरे पर थप्पड़ मारा और अजय ने उसका बायां हाथ मरोड़ दिया, जिससे उसकी उंगली में चोट लग गई। इसके बाद आरोपियों ने फायरिंग की और मौके से भाग निकले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और खाली कारतूस बरामद किए। कोतवाली टीआई धीरेन्द्र मिश्रा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। READ MORE : कुर्नूल बस हादसे में बड़ा खुलासा, इस वजह से लगी आग

Kurnool Bus Accident: कुर्नूल बस हादसे में बड़ा खुलासा, इस वजह से लगी आग

Kurnool Bus Accident

Kurnool Bus Accident: आंध्र प्रदेश के कुर्नूल में हुए दर्दनाक बस हादसे में अब बड़ा खुलासा हुआ है। फोरेंसिक जांच में सामने आया है कि बस में रखे 234 स्मार्टफोन की बैटरियों में ब्लास्ट के कारण आग लगी थी, जिसमें 20 यात्रियों की मौत हो गई थी। पुलिस ने हादसे के बाद फरार हुए ड्राइवर मिरियाला लक्ष्मैया और क्लीनर को गिरफ्तार कर लिया है। बस में रखे थे 234 स्मार्टफोन NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही बस में 234 स्मार्टफोन रखे थे जिनकी बैटरी में ब्लास्ट होने से आग तेजी से फैली। फोरेंसिक टीम ने बताया कि यात्रियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। इन फोनों की कीमत करीब 46 लाख रुपए बताई जा रही है। ये पार्सल हैदराबाद के व्यापारी मंगनाथ द्वारा ई-कॉमर्स कंपनी को भेजा जा रहा था। नशे में था बाइक सवार हादसे के वक्त बस NH-44 पर चिन्नातेकुरु गांव के पास एक बाइक से टकराई थी। इस टक्कर के बाद ही बस में आग लगी। सामने आए CCTV फुटेज से पता चला है कि बाइक सवार शिवशंकर नशे में था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आग तुरंत भड़क गई और बस में सवार 17 यात्रियों समेत बाइक सवार की भी मौत हो गई। हादसे के समय ड्राइवर और क्लीनर ने पैसेंजर डोर से कूदकर जान बचाई, लेकिन मौके से फरार हो गए। बाद में पुलिस ने दोनों को कुर्नूल से गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक विक्रांत पाटिल के मुताबिक, दोनों ने हादसे के बाद बस के कांच तोड़कर यात्रियों को बचाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि पूरी बस जलकर राख हो गई। DNA प्रोफाइलिंग से होगी मृतकों की पहचान जले हुए शवों की पहचान के लिए DNA टेस्ट कराया जा रहा है। जिला कलेक्टर ए. सिरी ने बताया कि 19 शवों के सैंपल लेकर विजयवाड़ा फोरेंसिक साइंस लैब भेजे गए हैं। 16 शवों के परिजनों ने DNA सैंपल दिए हैं। उम्मीद है कि सोमवार तक रिपोर्ट आ जाएगी। फायर ब्रिगेड ने बताई आग की भयावहता फायर ब्रिगेड DIG पी. वेंकटरमन ने बताया कि स्मार्टफोन की बैटरियों के साथ बस के एसी सिस्टम में लगी इलेक्ट्रिक बैटरियां भी फट गईं। आग इतनी तीव्र थी कि बस की एल्युमीनियम शीटें तक पिघल गईं। दमन-दीव में रजिस्टर्ड थी बस कावेरी ट्रैवल्स की यह बस दमन और दीव में रजिस्टर्ड थी। पुलिस ने ट्रैवल कंपनी के दस्तावेज जब्त कर लिए हैं, जिनमें परमिट और बीमा से जुड़ी फाइलें शामिल हैं। बताया गया कि बस के पास ऑल इंडिया परमिट था और यह हैदराबाद से बेंगलुरु रूट पर नियमित रूप से चलती थी। READ MORE: मध्यप्रदेश में ऑस्ट्रेलियाई महिला खिलाड़ियों से छेड़छाड़ पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का बड़ा बयान

Australian Women Cricketers: मध्यप्रदेश में ऑस्ट्रेलियाई महिला खिलाड़ियों से छेड़छाड़ पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का बड़ा बयान

Australian Women Cricketers

Australian Women Cricketers: इंदौर में ऑस्ट्रेलियाई महिला खिलाड़ियों से छेड़छाड़ की घटना पर प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने तीखा बयान दिया। उन्होंने इसे “देश की गरिमा और भारत की संस्कृति पर कलंक” बताते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए। देश की प्रतिष्ठा से जुड़ा मामला मंत्री विजयवर्गीय ने कहा, “यदि यह घटना सही है तो यह बेहद शर्मनाक और दुखद है। यह सिर्फ किसी महिला के साथ दुर्व्यवहार नहीं बल्कि भारत की छवि पर गहरी चोट है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी हमारे देश की प्रतिष्ठा से खिलवाड़ करने की हिम्मत न करे।” उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार शून्य सहनशीलता नीति पर काम कर रही है। दोषी पाए जाने पर आरोपी को उदाहरण बनाने जैसी सजा दी जाएगी। सुरक्षा और जांच पर दिया निर्देश मंत्री ने स्पष्ट किया कि जब अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हमारे देश की धरती पर आते हैं, तो उनकी सुरक्षा और सम्मान पूरी जिम्मेदारी है। उन्होंने इंदौर पुलिस और प्रशासन को तत्काल और निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए। पुलिस ने इस मामले की जांच तेज कर दी है। जांच में सीसीटीवी फुटेज, होटल रिकॉर्ड और सुरक्षा अधिकारियों के बयान जुटाए जा रहे हैं। मंत्री ने कहा कि भारत हमेशा से “अतिथि देवो भवः” की भावना वाला देश रहा है। ऐसी घटनाएँ हमारी सभ्यता और संस्कृति पर गहरा आघात करती हैं। READ MORE: अब PWD करेगा सभी सड़कों और पुलियों की डिजिटल मैपिंग, जानिए नया सर्वेक्षण ऐप कैसे करेगा काम

MP News: अब PWD करेगा सभी सड़कों और पुलियों की डिजिटल मैपिंग, जानिए नया सर्वेक्षण ऐप कैसे करेगा काम

MP News

MP News: मध्यप्रदेश में लोक निर्माण विभाग (PWD) अब अपनी सभी सड़कों और पुलियों का डिजिटल मैप तैयार करेगा। इसके लिए विभाग ने सर्वेक्षण ऐप विकसित किया है, जिससे सड़कों की लंबाई, चौड़ाई, सतह और पुलियों का पूरा विवरण मोबाइल पर उपलब्ध होगा। सर्वेक्षण ऐप की खासियतें इस ऐप को भास्कराचार्य राष्ट्रीय अंतरिक्ष अनुप्रयोग एवं भू-सूचना विज्ञान संस्थान (BISAG-N), गुजरात ने निःशुल्क विकसित किया है। महाराष्ट्र, राजस्थान और गुजरात जैसे राज्यों ने भी इसी तरह के ऐप के लिए BISAG-N से संपर्क किया है। PWD के सभी इंजीनियरों के पास लॉगिन आईडी होगी। ऐप के माध्यम से विभाग अपनी सड़क और पुली का सारा डेटा मोबाइल पर देख सकेगा, जिससे डीपीआर तैयार करने और नए निर्माण कार्य की योजना बनाने में समय की बचत होगी। 68,000 किलोमीटर सड़कों का डेटा डिजिटल राज्य में लोक निर्माण विभाग के पास लगभग 68,000 किलोमीटर सड़कें हैं। विभाग के मुख्य अभियंता के.पी.एस. राणा के अनुसार, निर्माण कार्यों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने में इस डेटा का उपयोग किया जाएगा। सरकारी भवन और पुल होंगे शामिल ऐप के अगले चरण में, लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित सभी सरकारी भवनों और पुलों को भी इसमें शामिल किया जाएगा। लोक पथ ऐप में जियो-लोकेशन और ब्लैक स्पॉट्स लोक निर्माण विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ऐप में जियो-लोकेशन की जानकारी होगी। इसमें सड़क पर ब्लैक स्पॉट्स और सड़क किनारे स्थित बुनियादी सुविधाओं जैसे पेट्रोल पंप और टोल प्लाजा की लोकेशन भी शामिल होगी। इससे सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और उपयोगकर्ताओं को आसानी से गाड़ी चलाने में मदद मिलेगी। READ MORE: भिंड में रेत माफियाओं पर कलेक्टर की सख्ती,पांच ट्रैक्टर-ट्राली जब्त…

Bhind News: भिंड में रेत माफियाओं पर कलेक्टर की सख्ती,पांच ट्रैक्टर-ट्राली जब्त…

Bhind News

Bhind News: भिंड में प्रशासन ने रेत माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर करोड़ी लाल मीणा के निर्देश पर शनिवार देर रात अवैध रेत परिवहन कर रहे पांच ट्रैक्टर-ट्रालियां जब्त की गईं, जबकि करीब 20 चालक वाहन लेकर फरार हो गए। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया । पांच ट्रैक्टर-ट्राली जब्त अधिकारियों ने चालकों से रायल्टी संबंधी दस्तावेज मांगे, लेकिन कोई भी चालक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। मौके पर ही पांचों ट्रैक्टर-ट्रालियों को जब्त कर तहसील कार्यालय परिसर में खड़ा किया गया। एसडीएम शर्मा ने कहा कि बिना रायल्टी या अनुमति के रेत परिवहन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ाई जा रही है ताकि खनन माफिया पर अंकुश लगाया जा सके। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक टीम के साथ राजस्व अमला भी मौजूद था। स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग पर पिछले कुछ दिनों से बिना रायल्टी के रेत का खुलेआम परिवहन किया जा रहा था। प्रशासन की सख्ती से अवैध कारोबार में लिप्त लोगों में भय का माहौल बन गया है। प्रशासन की चेतावनी एसडीएम शर्मा ने कहा कि यदि भविष्य में कोई व्यक्ति बिना अनुमति रेत का परिवहन करता पाया गया, तो उसका वाहन जब्त कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने जनता से अपील की कि अवैध खनन या परिवहन की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। कलेक्टर के इनपुट से फिर कसा शिकंजा पूर्व कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के ट्रांसफर होने के बाद रेत माफियाओं को राहत मिली थी। उन्हें लगा कि अब रेत पर कार्रवाई रुक जाएगी। कलेक्टर करोड़ी लाल मीणा के निर्देश पर प्रशासनिक टीम फिर से सक्रिय हो गई और खनन माफियाओं पर निगरानी तेज कर दी गई है। READ MORE: