Sheopur News: विजयपुर में तीन मंजिला इमारत ढही, महिला दबकर घायल…

Sheopur News: श्योपुर। मंगलवार दोपहर विजयपुर नगर के गांधी चौक में एक तीन मंजिला पुरानी इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के वक्त 65 वर्षीय कुसुम मित्तल इमारत के पास थीं और मलबे में दब गईं। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। रेस्क्यू के बाद निकाली गई महिला सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन का दल मौके पर पहुंचा। एएसआई रूपसिंह माझी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम ने लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल कुसुम को पहले विजयपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया। आसपास की इमारतों की जांच के आदेश घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम अभिषेक मिश्रा और एसडीओपी राघवेंद्र सिंह तोमर मौके पर पहुंचे और बचाव कार्यों की निगरानी की। सुरक्षा को देखते हुए अधिकारियों ने आसपास की सभी पुरानी इमारतों की तत्काल जांच के निर्देश दिए। स्थानीय लोगों की चिंता स्थानीय लोगों ने बताया कि गांधी चौक क्षेत्र में कई इमारतें पुरानी और कमजोर हालत में हैं। निवासियों ने चेतावनी दी कि समय रहते निरीक्षण और मरम्मत न होने पर ऐसे हादसे दोबारा भी हो सकते हैं। प्रशासन की कार्रवाई शुरू हादसे के बाद विजयपुर प्रशासन ने पूरे नगर में जर्जर इमारतों की सूची तैयार करने और उनकी तकनीकी जांच करने का निर्णय लिया है। साथ ही, खराब स्थिति वाली इमारतों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
World Cup Squad : मोदी जी को क्या गिफ्ट दें?” वर्ल्डकप विनर्स का बड़ा खुलासा, 5 नवंबर को होगी खास मुलाकात

World Cup Squad: विमेंस वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक 5 नवंबर को दिल्ली में मिलने की संभावना है। टीम आज शाम मुंबई से दिल्ली रवाना होगी। भारत की ऐतिहासिक जीत भारतीय महिला टीम ने 2 नवंबर को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराकर इतिहास रच दिया। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया ने पहली बार विमेंस वनडे वर्ल्ड कप जीता और देश को गौरव का पल दिया। दीप्ति शर्मा का बयान टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने PTI से कहा कि खिलाड़ी प्रधानमंत्री मोदी को खास गिफ्ट देने पर विचार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जर्सी या बैट गिफ्ट में दे सकते हैं। अंतिम फैसला जल्द लिया जाएगा। पीएम मोदी ने टीम की सराहना की वर्ल्ड कप जीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर भारतीय टीम को बधाई दी। उन्होंने लिखा कि टीम ने असाधारण कौशल, आत्मविश्वास और टीम वर्क दिखाया। यह ऐतिहासिक उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों को खेल की ओर प्रेरित करेगी। BCCI का बड़ा पुरस्कार BCCI ने विश्व चैंपियन टीम के लिए 51 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। इसमें खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और चयन समिति सभी को हिस्सेदारी मिलेगी। BCCI अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने कहा कि टीम के जज्बे और एकजुटता ने राष्ट्र की उम्मीदों को ऊंचा उठाया है।
MP में शुरू हुई SIR प्रक्रिया, 65 हजार BLO घर-घर करेंगे सत्यापन, जरूरी दस्तावेज़ पहले से रखें तैयार

MP SIR : MP SIR प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य में मंगलवार से 65 हजार बूथ लेवल ऑफिसर घर-घर जाकर मतदाताओं का वेरिफिकेशन कर रहे हैं। इसी प्रक्रिया से तय होगा कि मतदाताओं का नाम नई वोटर लिस्ट में शामिल रहेगा या नहीं। अधिकारियों के अनुसार, प्रत्येक मतदाता को एक विशेष फॉर्म दिया जा रहा है, जिसे भरकर तय समय सीमा में वापस करना होगा। कैसा होगा BLO फॉर्म SIR अभियान के लिए प्रत्येक मतदाता का अलग फॉर्म जारी किया गया है। यह फॉर्म दो हिस्सों में विभाजित होगा। एक हिस्सा पहले से भरा हुआ रहेगा जिसमें मतदाता का नाम, पहचान संबंधी विवरण और फोटो शामिल होंगे। दूसरा हिस्सा खाली रहेगा जिसे मतदाता को स्वयं भरना होगा। इस प्रक्रिया में BLO घर पर फॉर्म देंगे और निर्धारित समय के बाद दोबारा पहुंचकर भरी हुई जानकारी और सभी आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन करेंगे। इसके बाद विवरण को अंतिम सूची में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू होगी। 2003 की सूची होगी आधार SIR प्रक्रिया में वर्ष 2003 की मतदाता सूची को प्राथमिक आधार माना जा रहा है। सत्यापन की कार्यप्रणाली इस प्रकार होगी। यदि किसी व्यक्ति का नाम 2003 की सूची में पहले से दर्ज है, तो वह सीधे 2025 की मतदाता सूची में शामिल माना जाएगा। साथ ही अगर व्यक्ति का नाम 2003 की सूची में मौजूद नहीं है, लेकिन उसके माता पिता या किसी संबंधी का नाम सूची में दर्ज मिलता है, तो उस कनेक्शन के आधार पर पात्रता का सत्यापन किया जाएगा । विवाहित महिलाओं के लिए नियम SIR प्रक्रिया में विवाहित महिलाओं के लिए खास दिशा–निर्देश तय किए गए हैं। ऐसी महिलाएं जिनका विवाह 1 जनवरी 2003 के बाद हुआ है, उन्हें मतदान सूची में नाम दर्ज कराने के लिए मायके से अपना मतदाता क्रमांक और मतदान केंद्र क्रमांक की जानकारी जुटाकर BLO द्वारा दिए गए फॉर्म में भरनी होगी। सीईओ एमपी इलेक्शन ने स्पष्ट किया है कि सर्वे के दौरान BLO किसी मतदाता से दस्तावेज़ नहीं लेगा केवल जानकारी दर्ज की जाएगी। सत्यापन में किन दस्तावेज़ों से मिलेगी मान्यता यदि फॉर्म में दी गई जानकारी से सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को संदेह रहेगा और नोटिस जारी होगा, तो मतदाता को अपनी पात्रता साबित करने के लिए निर्धारित 11 दस्तावेज़ों में से कोई एक प्रस्तुत करना होगा। दस्तावेज़ देने के बाद जांच पूरी होने पर नाम सूची में दर्ज कर दिया जाएगा। आपत्ति होने पर मिलेगा पूरा अवसर अगर दस्तावेज़ देने के बाद भी ARO नाम जोड़ने से इंकार करता है, तो मतदाता जिला कलेक्टर के समक्ष अपील कर सकते हैं। कलेक्टर के निर्णय से असंतुष्टि होने पर मामला सीईओ निर्वाचन आयोग तक ले जाया जा सकता है। यानी प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में नाम जोड़ने का पूरा अवसर दिया जाएगा।
Cough Syrup Scandal: 22 मासूमों की मौत के बाद आरोपी डॉक्टर की पत्नी पुलिस के हत्थे, फरारी के ठिकानों ने चौंकाया

Cough Syrup Scandal: एमपी के चर्चित कफ सिरप कांड में बड़ा अपडेट सामने आया है। जहरीला सिरप पीने से 22 बच्चों की मौत के मामले में फरार चल रही सह-आरोपी ज्योति सोनी को एसआईटी ने गिरफ्तार कर लिया। वह मुख्य आरोपी डॉ. प्रवीण सोनी की पत्नी है। बता दें वह लंबे समय से कानून से बचने की कोशिश कर रही थी। हाईकोर्ट से जमानत की कोशिश प्राप्त जानकारी के मुताबिक गिरफ्तारी से बचने के लिए ज्योति पहले बेंगलुरु और फिर बनारस में छिपी रही। इस दौरान उसने जबलपुर हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत लेने का भी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने परासिया में दबिश देकर उसे पकड़ा। स्टॉक रिकॉर्ड में हेराफेरी के आरोप ड्रग विभाग की जांच में सामने आया था कि ज्योति ने फॉर्मासिस्ट सौरभ जैन और न्यू अपना फार्मा संचालक राजेश सोनी के साथ मिलकर कफ सिरप कोल्ड्रिफ (Cough Syrup Scandal) के स्टॉक रिकॉर्ड से छेड़छाड़ की। आरोप है कि तीनों ने सबूत मिटाने और डॉ. सोनी को बचाने का प्रयास किया। सौरभ और राजेश पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं।
Ashoknagar News: अशोकनगर में बुजुर्ग दंपती को खाट से बांधा, आंख में पेचकस घोंपकर सोना और कैश लूटे

Ashoknagar News: अशोकनगर जिले के शाढौरा थाना क्षेत्र के खैजन अटारी गांव में सोमवार देर रात बदमाशों ने पूर्व सरपंच महेंद्र सिंह के घर धावा बोला। छह से अधिक अपराधी कार में आए और घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए। बदमाशों ने बुजुर्ग दंपती पर हमला करते हुए पेचकस से चेहरे और आंख पर वार किए। महेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हुए। नाक से खून बहने लगा। इसके बाद आरोपियों ने दंपती को पीटकर धमकाया। बता दें बदमाशों ने अलमारी व बक्सा तोड़कर करीब 25 तोला सोना और लगभग ढाई लाख रुपये कैश लूट ले गए। दंपती को खाट से बांधा महेंद्र सिंह और उनकी पत्नी उस समय घर में अकेले थे, क्योंकि उनके बच्चे नहीं हैं। घर गांव से थोड़ा दूर होने के कारण बदमाशों को आसानी से मौका मिल गया। वारदात के बाद अपराधी दंपती को खाट पर बांधकर फरार हो गए। कुछ देर बाद पीड़ितों ने खुद को छुड़ाया और परिजनों की मदद से पुलिस को सूचना दी। गैंग एक्टिविटी की आशंका (Ashoknagar News) घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि वारदात किसी संगठित गैंग द्वारा की गई प्रतीत होती है। SHO ने बताया कि संदिग्ध वाहनों की पहचान कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
MP News: मध्यप्रदेश के सरकारी शिक्षकों को झटका, E-Attendance सिस्टम पर हाईकोर्ट ने रोक से किया इंकार

MP News: मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने सरकारी स्कूल शिक्षकों के लिए ई-अटेंडेंस ( E-Attendance) सिस्टम लागू करने के सरकार के निर्णय को वैध ठहराया है। कोर्ट ने इस नीति के खिलाफ दायर जनहित याचिका को खारिज कर दिया। कोर्ट ने कहा हस्तक्षेप की जरूरत नहीं मुख्य न्यायाधीश संजीव सचदेवा और न्यायमूर्ति विनय सराफ की खंडपीठ ने साफ किया कि ई-अटेंडेंस सिस्टम राज्य सरकार का नीतिगत फैसला है। इसमें अदालत का हस्तक्षेप उचित नहीं है। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता ने स्वयं याचिका वापस ले ली। ग्रामीण स्कूलों में नेटवर्क की समस्या ( E-Attendance) यह याचिका अशोकनगर गेस्ट टीचर कोऑर्डिनेशन कमेटी के अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने दायर की थी। याचिकाकर्ता ने दावा किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट और नेटवर्क कमजोर होने से कई शिक्षकों को उपस्थिति दर्ज कराने में दिक्कत आएगी। इसी आधार पर सरकार के आदेश को चुनौती दी गई थी। राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता निलेश यादव ने कहा कि ई-अटेंडेंस सिस्टम शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए अनिवार्य है। उन्होंने जोर दिया कि कमजोर नेटवर्क वाले क्षेत्रों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था और शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। हाईकोर्ट के फैसले के बाद 1 जुलाई 2025 से लागू ई-अटेंडेंस सिस्टम जारी रहेगा। सरकारी स्कूलों में अब सभी शिक्षकों को मोबाइल ऐप या निर्धारित प्रणाली के माध्यम से उपस्थिति दर्ज करनी होगी। (MP News)
Morena Firing Case: पुरानी रंजिश में युवक के घर पर फायरिंग, CCTV में कैद आरोपी..

Morena Firing Case: मुरैना। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के गोपालपुरा कॉलोनी में आधी रात पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों ने एक युवक के घर पर फायरिंग कर दहशत फैला दी। घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। घर के बाहर गूंजी गोलियों की आवाज फरियादी नितेश उर्फ निक्की शर्मा ने बताया कि वह परिवार के साथ सो रहा था। रात करीब 1:30 बजे गोलियों की आवाज सुनकर सभी की नींद टूट गई। जब सीसीटीवी फुटेज देखा गया तो आरोपी आदित्य सिकरवार और आकाश गुप्ता घर के बाहर हथियार से फायरिंग करते दिखाई दिए। वारदात के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। CCTV में कैद पूरी वारदात फायरिंग की पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान की पुष्टि कर ली है। 8 दिन पहले भी हुआ था विवाद पीड़ित नितेश के अनुसार आठ दिन पहले भी आदित्य और आकाश से विवाद हुआ था। उस दौरान दोनों आरोपियों ने उसकी पिटाई की थी। इस संबंध में रिपोर्ट पहले ही थाने में दर्ज हो चुकी है। उसी रंजिश के चलते यह फायरिंग की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की तलाश कोतवाली टीआई अमित भदौरिया ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग की गई है। आरोपियों की पहचान हो चुकी है। मामला दर्ज किया गया है और टीम आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
Gwalior Tragedy: कीटनाशक से फैली जहरीली गैस का कहर… पहले भाई की मौत, अब 13 साल की बहन भी नहीं बची

Gwalior Tragedy: ग्वालियर के प्रीतम विहार कॉलोनी में सोमवार को कीटनाशक से निकली जहरीली गैस ने एक ही परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। जहरीली गैस से बीमार 13 वर्षीय छाया शर्मा ने मंगलवार सुबह रिम्स अस्पताल में दम तोड़ दिया। इससे पहले सोमवार को उसके 4 वर्षीय भाई वैभव की मौत हो चुकी है। माता-पिता की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है। उन्हें न्यू जेएएच हॉस्पिटल में रेफर किया गया है। घुन से बचाने के लिए रखा गया था सल्फास घटना तब हुई जब मकान मालिक ने गेहूं को घुन से बचाने के लिए पोर्च में सल्फास से बने कीटनाशक का छिड़काव किया। इसके बाद घर के दरवाजे बंद कर सोने चले गए। उसी पोर्च के सामने निचली मंजिल पर किराए से रहने वाले सत्येंद्र शर्मा का परिवार इस जहरीली गैस की चपेट में आ गया। मकान मालिक फरार (Gwalior Tragedy) सोमवार दोपहर मकान मालिक श्रीकृष्ण यादव नीचे उतरा तो तेज बदबू आ रही थी। दरवाजा खोलने पर उसने परिवार को बेहोश पाया । वहीं पड़ोसियों की मदद से अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद से मकान मालिक फरार बताया जा रहा है। मां-बाप की हालत गंभीर परिवार के करीबी बताते हैं कि छाया अस्पताल में बार-बार होश आने पर माता-पिता और भाई के बारे में पूछती थी। सोमवार रात से उसकी हालत बिगड़ती गई। मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई। मन्नतों के बाद मिला था बेटा सत्येंद्र शर्मा भिंड जिले के मालनपुर टूडीला गांव के मूल निवासी हैं। ग्वालियर उद्योग क्षेत्र में फैक्ट्री में कार्यरत हैं। रिश्तेदारों ने बताया कि पाँच बेटियों के बाद कई मंदिरों में मन्नतें मांगीं, तब वैभव का जन्म हुआ था। परिवार पहले ही दो बेटियों को खो चुका है। मकान मालिक पर कार्रवाई की तैयारी पुलिस मामले की जांच कर रही है और मकान मालिक श्रीकृष्ण यादव की तलाश जारी है। सल्फास जैसे खतरनाक रसायन का रहवासी इलाके में उपयोग गंभीर लापरवाही माना जा रहा है।
Ticket Refund Rules 2025: एयर टिकट कैंसिलेशन में अब भारी चार्ज नहीं, मेडिकल इमरजेंसी और नाम सुधार पर भी राहत मिलने की तैयारी

Ticket Refund Rules 2025: फ्लाइट टिकट कैंसिलेशन को लेकर यात्रियों को जल्द बड़ी राहत मिलने वाली है। नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने एक नया प्रस्ताव जारी किया है, जिसके तहत यात्री टिकट बुक करने के 48 घंटे के भीतर बिना कोई अतिरिक्त शुल्क चुकाए टिकट कैंसिल या यात्रा की तारीख बदल सकेंगे। यानी अब बुकिंग के तुरंत बाद योजना बदल जाए तो भारी कैंसिलेशन चार्ज नहीं देना पड़ेगा। हालांकि, यह सुविधा उन फ्लाइट्स पर लागू नहीं होगी जिनकी यात्रा बुकिंग के 5 दिन के भीतर (घरेलू) या 15 दिन के भीतर (अंतरराष्ट्रीय) होनी है। किन टिकटों पर लागू नहीं होगा नियम नए नियम के तहत अगर टिकट MakeMyTrip, Yatra या किसी भी ट्रैवल एजेंट से बुक किया गया है, तब भी रिफंड की जिम्मेदारी सीधे एयरलाइन की होगी। DGCA ने स्पष्ट कहा है कि एजेंट एयरलाइन के अधिकृत प्रतिनिधि होते हैं, इसलिए रिफंड देने की जिम्मेदारी एयरलाइन ही निभाएगी। साथ ही, एयरलाइंस को टिकट कैंसिल होने के 21 कार्य दिवसों के भीतर रिफंड प्रक्रिया पूरी करनी होगी, जिससे लंबे समय तक रिफंड का इंतजार खत्म होगा। यात्रियों के लिए मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में भी बड़ा फायदा प्रस्तावित है। यदि किसी यात्री को स्वास्थ्य कारणों से यात्रा रद्द करनी पड़े तो एयरलाइन पूरा रिफंड दे सकती है या क्रेडिट शेल जारी कर सकती है, जिसका उपयोग भविष्य की यात्रा में किया जा सकेगा। टिकट में नाम की गलती सुधारने पर नहीं लगेगा चार्ज इसके अलावा अगर टिकट बुक करते समय नाम की स्पेलिंग में गलती हो जाए । इसे 24 घंटे के भीतर एयरलाइन को बताया जाए, तो नाम सुधारने पर भी कोई शुल्क नहीं लगेगा। यह सुविधा केवल एयरलाइन की वेबसाइट से बुक किए गए टिकटों पर लागू होगी। DGCA ने इन नियमों का ड्राफ्ट जारी कर दिया है। 30 नवंबर तक सभी स्टेकहोल्डर्स से सुझाव मांगे हैं। माना जा रहा है कि अंतिम स्वीकृति के बाद यह नियम लागू हो जाएंगे। इस कदम से फ्लाइट यात्रा पहले की तुलना में अधिक पारदर्शी, किफायती और यात्रियों के लिए परेशानी-मुक्त बनने की उम्मीद है, क्योंकि वर्तमान में कैंसिलेशन चार्ज और रिफंड में देरी से यात्रियों को काफी परेशानी होती है।
Haq film : मां की कहानी पर बनाई फिल्म… बेटी पहुंची हाईकोर्ट, हक की रिलीज पर बड़ा विवाद

Haq film : मध्यप्रदेश में शाह बानो बेगम के परिवार ने आगामी फिल्म हक के खिलाफ कानूनी लड़ाई शुरू कर दी है। शाह बानो की बेटी सिद्दीका बेगम खान ने सोमवार को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर बेंच में याचिका दायर कर फिल्म की रिलीज़ पर रोक लगाने की मांग की। उनका कहना है कि फिल्म निर्माताओं ने उनकी माँ की पहचान और निजी जीवन से जुड़े पहलुओं का उपयोग बिना अनुमति किया है। अब मामले की सुनवाई मंगलवार को जारी रहेगी। फिल्म हक सात नवंबर को रिलीज़ होनी है। यह अहमद खान बनाम शाह बानो बेगम केस और 1985 के सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले से प्रेरित बताई जा रही है। इस फैसले में कहा गया था कि सीआरपीसी की धारा 125 मुस्लिम महिलाओं पर भी लागू होती है । तलाक के बाद भी गुजारा भत्ता मिल सकता है। क्या है याचिकाकर्ता का आरोप याचिकाकर्ता की ओर से पेश वकील तौसीफ वारसी ने अदालत में दलील दी कि फिल्म का कंटेंट शाह बानो के निजी जीवन को आधार बनाकर तैयार किया गया है। उनकी दलील है कि शाह बानो के परिवार से लिखित अनुमति नहीं ली गई। फिल्मांकन से पहले कोई सहमति नहीं मांगी गई। वारसी ने कहा कि फिल्म में कुछ ऐसे निजी पल शामिल हैं जिनका सार्वजनिक खुलासा उचित नहीं है। वारसी ने ट्रेलर और टीज़र को अपमानजनक बताया। साथ ही कहा कि दिखाई गई घटनाएं वास्तविक नहीं हैं बल्कि काल्पनिक प्रस्तुति है। उन्होंने कहा कि पहचान वास्तविक है लेकिन घटनाएं काल्पनिक दिखाई गई हैं। फिल्म निर्माताओं का पक्ष सीबीएफसी के वकील ने कहा कि फिल्म को काल्पनिक मानते हुए प्रमाणित किया गया है। सार्वजनिक रिकॉर्ड से प्रेरित कंटेंट के लिए अनुमति लेना अनिवार्य नहीं है। वकील ने कहा कि टीज़र में फिल्म को बायोपिक नहीं बताया गया है बल्कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले से प्रेरित कहा गया है। निर्माता जंगली मूवीज के वकील ने बताया कि फिल्म में अस्वीकरण शामिल है। यह भारत की बेटी पुस्तक तथा सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर आधारित है। अदालत ने अस्वीकरण को रिकॉर्ड पर रखने के निर्देश दिए हैं। अदालत ने कहा कि मंगलवार को फिल्म के अस्वीकरण की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद ही आगे का निर्णय होगा।