झाबुआ। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने झाबुआ जिले के पेटलावद से लाडली बहनों को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने 1.26 करोड़ बहनों के खातों में 1541 करोड़ से अधिक की राशि ट्रांसफर की है। इसके साथ ही 31 लाख से अधिक बहनों को गैस सिलेंडर रीफिलिंग के लिए 48 करोड़ रुपये भी जारी किए गए हैं।
इसके दौरान मुख्यमंत्री ने 345.34 करोड़ की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण भी किया।
1541 करोड़ से अधिक की राशि
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को झाबुआ जिले के पेटलावद से राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान लाड़ली बहन योजना की 28वीं किस्त के तहत 1.26 करोड़ से अधिक बहनों के खातों में 1541 करोड़ रुपये का सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरण किया।
इसके साथ ही सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 53.48 लाख से अधिक पेंशन हितग्राहियों के खातों में 320.89 करोड़ रुपये से ज्यादा राशि ट्रांसफर की गई। मुख्यमंत्री ने 31 लाख से अधिक बहनों के खातों में गैस रिफिलिंग के लिए 450 रुपये की राशि, जो कुल मिलाकर 48 करोड़ से अधिक है, भी सिंगल क्लिक से अंतरण की।
विकास कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम के तहत झाबुआ जिले में 345.34 करोड़ रुपये की लागत से 72 से अधिक विकास कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण किया।
इनमें विभिन्न विभागों के 194.56 करोड़ रुपये के 35 विकास कार्यों का भूमि पूजन और 150.78 करोड़ रुपये की लागत के 37 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है। ये परियोजनाएं जिले के समग्र विकास और लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाएंगी।
झाबुआ के संजीवक” पुस्तक का विमोचन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिला प्रशासन द्वारा तैयार की गई जनजातीय आयुर्वेदिक परंपरा एवं चिकित्सा ज्ञान पर आधारित पुस्तक “झाबुआ के संजीवक” का विमोचन किया। झाबुआ जिले में जड़ी-बूटियों से उपचार का समृद्ध और प्राचीन ज्ञान जनजातीय समुदाय में सदियों से संरक्षित है।
इस अनमोल ज्ञान को विलुप्त होने से बचाने के लिए जिला एवं विकासखंड स्तर पर “डुंगर बाबा नी जड़ी बूटियों नु जोवनार” नामक कार्यशालाओं का आयोजन कर इस ज्ञान का दस्तावेजीकरण किया गया, जिसे अब पुस्तक के रूप में संकलित कर संरक्षित किया गया है।
दिव्यांगजनों को कस्टमाइज्ड
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बीपीएल परिवारों के 11 दिव्यांग हितग्राहियों को उनकी सुविधाओं और गतिशीलता बढ़ाने के लिए कस्टमाइज्ड चार पहिया पेट्रोल चलित मोटरसाइकिल वितरित की।