Indore Truck Accident Tragedy Eyewitness: इंदौर। सोमवार शाम एक भयानक सड़क हादसा हो गया, जब एक बेकाबू ट्रक ने करीब एक किलोमीटर तक तबाही मचाई। एयरपोर्ट रोड पर तेज़ रफ्तार ट्रक ने राहगीरों और कई वाहनों को कुचल दिया।
बता दें हादसे में 2 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब 30 लोग इसकी चपेट में आए। पुलिस के अनुसार, ट्रक की चपेट में आने से 15 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
टक्कर के बाद लगी आग
हादसे के दौरान ट्रक (MP09 ZP 4069) में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। शुरुआत में ऐसी खबरें आई थीं कि गुस्साए लोगों ने ट्रक में आग लगा दी, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो आग खुद-ब-खुद लगी।
दरअसल, टक्कर के बाद एक बाइक ट्रक के नीचे फंस गई थी। ट्रक चालक ने वाहन नहीं रोका और वह बाइक को घसीटते हुए करीब एक किलोमीटर तक दौड़ता रहा। इसी दौरान बाइक में रगड़ और घर्षण से ब्लास्ट हुआ, जिससे ट्रक में भीषण आग लग गई।
CM ने दिए जांच के निर्देश
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। घायलों को त्वरित रूप से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने अपर मुख्य सचिव (गृह) को तुरंत इंदौर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह स्पष्ट करने के लिए जांच के आदेश भी दिए गए हैं कि रात 11 बजे से पहले भारी वाहन शहर में कैसे दाखिल हुआ। सीएम ने हादसे के कारणों की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज
हादसे में जान गंवाने वाले दो लोगों के शव जिला अस्पताल लाए गए हैं। वहीं, घायल 13 लोगों को शहर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। गीतांजली अस्पताल में 6 घायलों का इलाज जारी है, जबकि वर्मा यूनियन और बांठिया अस्पताल में 2-2 घायलों को भर्ती कराया गया है। अरबिंदो अस्पताल में भी 2 और भंडारी अस्पताल में 1 घायल का इलाज चल रहा है। इनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
उधर, एमवाय अस्पताल में भी डॉक्टरों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। इमरजेंसी के लिए विशेष मेडिकल टीम तैनात की गई है और आपातकालीन वार्ड में अतिरिक्त बेड आरक्षित कर दिए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल उपचार किया जा सके।