MP News : मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क किनारे एक ढाबे पर समोसे बन रहे थे, तभी खौलते तेल के बर्तन में दो साल का बच्चा गिर गया।
बच्चे को बचाने के लिए दादी ने बिना सोचे-समझे अपना हाथ गर्म तेल में डाल दिया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से झुलस गए हैं और उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान के अजमेर जिले के किशनगढ़ निवासी हरिओम वैष्णव अपनी माँ सरिता और दो साल के बेटे राघव के साथ बागेश्वर धाम आए थे। लौटते समय परिवार सड़क किनारे समोसे खरीदने के लिए रुका था। तभी अचानक दो सांड आपस में भिड़ गए और भगदड़ मच गई। इसी दौरान बच्चे को गोद में लिए सरिता को झटका लगा और उसका संतुलन बिगड़ गया, जिससे बच्चा खौलते तेल की कड़ाही में जा गिरा।
बच्चे की चीख सुनकर उसकी दादी ने बिना देर किए हाथ तेल में डाल दिया । बच्चे को बाहर निकाला। इस कोशिश में उनका हाथ बुरी तरह जल गया। राहगीरों की मदद से दोनों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ बच्चे का बर्न वार्ड में इलाज चल रहा है।
डॉक्टरों के अनुसार बच्चे की हालत स्थिर है, जबकि दादी ने अपनी चोटों का इलाज कराने से मना कर दिया।
बमीठा थाना प्रभारी आशुतोष श्रोत्रिय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सांडों की लड़ाई के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
READ MORE: स्थापना दिवस से पहले सरकार लेगी 5200 करोड़ का कर्ज, ऋण 42,600 करोड़ पहुंचा…