Bhind News: भिंड में पुलिस ने अवैध हथियारों के कारोबार का खुलासा किया है। यहां दो दोस्तों ने मिलकर किराए की जमीन पर अवैध हथियार बनाने का कारखाना शुरू किया था। इस “स्टार्टअप” के लिए उन्होंने उत्तर प्रदेश से 50 हजार रुपए महीने पर एक कारीगर हायर किया था।
इतना ही नहीं, कारखाना चलाने के लिए उन्होंने दो स्थानीय साथियों को 40 हजार रुपए किराए के तौर पर भी दिए थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बाजार में मिलने वाले अवैध हथियारों से अपने बनाए कट्टों की दोगुनी कीमत वसूलते थे। उनका दावा था कि उनके हथियार ज्यादा मजबूत और पावरफुल हैं। इस गोरखधंधे में शामिल 10 लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनमें से 6 को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
कैसे खुली फैक्ट्री की पोल
एसएसपी डॉ. असित यादव के अनुसार, 21 अक्टूबर को बरोही थाना प्रभारी अतुल भदौरिया को सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। पुलिस ने अम्लेहड़ी तिराहे से अजय गौर नाम के युवक को पकड़ा। उसके पास से चार कट्टे बरामद हुए। पूछताछ में अजय ने खुलासा किया कि वह अपने साथियों के साथ मौ थाना क्षेत्र के रूपाबाई का पुरा गांव में हथियारों की फैक्ट्री चला रहा है।
पुलिस ने दबिश देकर मौके से सात कट्टे और बरामद किए। इसके अलावा पांच कट्टे पहले ही बेचे जा चुके थे, जिनमें से एक को पुलिस ने बरामद कर लिया है।
पहले यूपी में चला रहे थे कारखाना
जांच में पता चला कि आरोपी पहले उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में अवैध हथियारों का कारोबार कर रहे थे। वहां की पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार किया था, लेकिन जेल से छूटने के बाद ये फिर भिंड आकर इसी धंधे में लग गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में हथियार और बनाने के औजार बरामद किए हैं। सोशल मीडिया पर उन्होंने कट्टे बनाते हुए वीडियो भी पोस्ट किए थे। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
READ MORE: कैसी है श्रेयस अय्यर की हालत ? परिवार जल्द पहुंचेगा ऑस्ट्रेलिया…