Chambalkichugli.com

Bhind News: रिनिया गांव में हिंसा का मामला दर्ज, हत्या के बाद भड़की थी आगजनी..

Bhind News

Bhind News: भिंड। दबोह थाना क्षेत्र के रिनिया गांव में युवक की हत्या के बाद भड़की हिंसा के मामले में पुलिस ने बुधवार देर रात 7 नामजद और 2 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों पर गांव में फायरिंग , दो घरों में आग लगाने और तोड़फोड़ करने का आरोप है। घटना में करीब 15 से 20 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।

फायरिंग करते हुए घरों में घुसी भीड़

फरियादी मेहरबान सिंह उर्फ बंटी कौरव ने रिपोर्ट में बताया कि 25 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे वे परिवार के साथ घर में सो रहे थे। तभी गली में “मारो सालों को” जैसी आवाजें सुनाई दीं। छत पर जाकर देखा तो शैलेंद्र, अशोक, रामकेश, भैयालाल, सतेन्द्र, कप्तान, जबर और दर्शन जाटव समेत रायपुरा नंबर-2 के 8–10 लोग हथियारों से लैस होकर आए थे।

अशोक जाटव के पास 12 बोर की बंदूक, सतेन्द्र के पास अधिया, भैयालाल के पास कट्टा और कप्तान जाटव के पास माउजर थी। उन्होंने फायरिंग करते हुए घर का मेन गेट तोड़ दिया और अंदर घुसकर कूलर, फ्रिज, टीवी, सोफा सहित घरेलू सामान तोड़फोड़ कर दिया।

आग लगाकर किया तांडव

दर्शन जाटव ने माचिस से घर में आग लगा दी, जबकि जबर जाटव ने कार पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते घर और चारपहिया वाहन पूरी तरह जल गए। फरियादी के मुताबिक इस आगजनी में करीब 15–20 लाख रुपए का नुकसान हुआ।

परिवार ने छोड़ा गांव

घटना के दौरान लगातार फायरिंग और धमकियों के कारण परिवार डर के मारे गांव छोड़कर चला गया था। बाद में पुलिस बल की तैनाती और हालात सामान्य होने पर वे लौटे और थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने दर्ज किया केस

दबोह थाना पुलिस ने शैलेंद्र, अशोक, रामकेश, भैयालाल, सतेन्द्र, कप्तान, जबर, दर्शन जाटव और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 296, 125, 331(6), 324(6), 326(g), 110, 191(1)(2)(3) और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

READ MORE: 15 नवंबर को जबलपुर में होगा बिरसा मुंडा उत्सव, PM मोदी वर्चुअल करेंगे संबोधन…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *