Bhopal News: भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस विभाग की साख पर सवाल उठाने वाला चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस मुख्यालय में पदस्थ डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP) कल्पना रघुवंशी पर अपनी ही सहेली के घर से 2 लाख रुपये नकद और मोबाइल फोन चोरी करने का गंभीर आरोप लगा है। मामला 24 सितंबर का है । जहांगीराबाद थाने में FIR दर्ज की गई है, लेकिन 25 दिन बीत जाने के बाद भी DSP फरार हैं।
ऐसे हुआ खुलासा
शिकायतकर्ता प्रमिला तिवारी (35) ने पुलिस को बताया कि वह महालक्ष्मी परिसर, गल्ला मंडी, जहांगीराबाद में रहती हैं । लाइफ इंश्योरेंस का काम करती हैं। DSP कल्पना रघुवंशी से उनका परिचय 5 साल पहले हुआ था, जब उन्होंने प्रमिला की मां का गरीबी रेखा राशन कार्ड बनवाने में मदद की थी। तब से दोनों के बीच घरेलू स्तर पर आवाजाही थी।
24 सितंबर की शाम प्रमिला ने मोबाइल किचन में चार्जिंग पर लगाया और नहाने चली गईं। करीब 15 मिनट बाद लौटीं तो मोबाइल गायब था। जब उन्होंने हॉल में रखा बैग देखा तो उसमें रखे 2 लाख रुपये नकद भी लापता थे, जो बेटी की फीस के लिए बैंक से निकाले गए थे।
CCTV फुटेज में पकड़ी गईं DSP
पैसे गायब मिलने पर प्रमिला ने पड़ोसी को बुलाकर घर के CCTV फुटेज देखे। वीडियो में DSP कल्पना रघुवंशी को घर में घुसते, मोबाइल उठाते और बैग से नोटों की गड्डी निकालते देखा गया। यह देखकर प्रमिला हैरान रह गईं। तुरंत जहांगीराबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस दर्ज किया मामला
थाना प्रभारी चतुर्भुज राठौर के अनुसार, प्रमिला की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 (ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। DSP के घर से चोरी हुआ मोबाइल बरामद कर लिया गया, लेकिन नकदी अभी तक नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि DSP घटना के बाद से फरार हैं, उनकी तलाश जारी है।
पुलिस मुख्यालय ने भी विभागीय जांच शुरू कर दी है। हालांकि, गिरफ्तारी में देरी पर सवाल उठ रहे हैं। शिकायतकर्ता प्रमिला ने कहा कि उन्होंने 5 साल की दोस्ती पर भरोसा किया था, लेकिन अब वे केवल न्याय की उम्मीद कर रही हैं।
READ MORE : अवैध शराब पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 12 लाख की शराब और लहान नष्ट