MP Cricketer Kranti Gaur: मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले की तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ के भारतीय महिला क्रिकेट टीम में चयन और टीम की ऐतिहासिक वर्ल्ड कप जीत के बाद उनके पैतृक गांव घुवारा में जश्न का माहौल है। गांव में इस सफलता को दिवाली की तरह सेलिब्रेट किया जा रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि क्रांति ने पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है।
मैच के दौरान घुवारा में टीवी स्क्रीन के सामने बड़ी संख्या में ग्रामीण और नगरवासी इकट्ठा हुए। जैसे ही भारतीय टीम ने चौके-छक्के लगाए, पटाखों की आवाज़ गूंज उठी। लोग ‘भारत माता की जय’ और ‘क्रांति गौड़ जिंदाबाद’ के नारे लगाते दिखे। महिलाएं ढोलक पर पारंपरिक गीत गाती रहीं और बच्चे भी जश्न में शामिल हुए।
ICC महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 जीतने वाली भारतीय टीम की तेज गेंदबाज और मध्यप्रदेश की स्टार क्रिकेटर क्रांति गौड़ को राज्य सरकार 1 करोड़ रुपये का पुरस्कार देगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को इसकी औपचारिक घोषणा करते हुए कहा कि क्रांति ने पूरे प्रदेश और देश का मान बढ़ाया है।
परिवार की आंखों में गर्व
क्रांति गौड़ के पिता और परिवारजन वर्ल्ड कप जीत के बाद भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि क्रांति बचपन से क्रिकेट के प्रति जुनूनी थी। आज उसका सपना पूरा हुआ। परिवार ने इसे न सिर्फ व्यक्तिगत गौरव, बल्कि पूरे जिले का सम्मान बताया।
बहन ने साझा की खुशी
क्रांति की बहन रोशनी ने कहा, “यह हमारे लिए बेहद गर्व का दिन है। भारत ने पहली बार महिला वर्ल्ड कप जीता और क्रांति भी टीम का हिस्सा बनीं। जब वह घर लौटेंगी तो हम उनका भव्य स्वागत करेंगे।” उन्होंने बताया कि भारतीय टीम में शामिल होना और विश्व कप खेलना क्रांति का बचपन का सपना था।
युवा और महिलाएं ले रहीं प्रेरणा
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि क्रांति ने यह साबित किया है कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं रहतीं। गांव की लड़कियां और युवा अब खेल को एक बेहतर करियर विकल्प के रूप में देख रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी क्रांति की सराहना और बधाइयों की बाढ़ आ गई है।