Gwalior News: ग्वालियर में कीटनाशक सल्फास की गैस ने एक परिवार की खुशियाँ छीन लीं। घर के पोर्च में गेहूं को घुन से बचाने के लिए रखी गई सल्फास की गोलियों से निकलती जहरीली गैस कूलर के एग्जॉस्ट फैन के जरिए कमरे में भर गई। गैस के असर से पहले 4 वर्षीय वैभव और फिर 13 वर्षीय बहन क्षमा की मौत हो गई। पिता सतेंद्र शर्मा और मां रजनी की हालत गंभीर है।
कैसे हुआ हादसा
प्रीतम विहार कॉलोनी में रहने वाले सत्येंद्र शर्मा के मकान मालिक श्रीकृष्ण यादव ने तीन मंजिला इमारत के पोर्च में रखे 250 क्विंटल गेहूं में घुन से बचाने के लिए करीब 50 सल्फास की गोलियां डाल दीं। उस समय किराएदार परिवार घर में नहीं था। उन्हें इसकी जानकारी भी नहीं दी गई।
रात में परिवार लौटकर कमरे में सोने गया और गर्मी के कारण कूलर चला दिया। कूलर का एग्जॉस्ट फैन गेहूं में बन रही सल्फास गैस को खींचकर कमरे में भरता रहा। कुछ देर में सभी बेहोश हो गए ।