Gwalior News: ग्वालियर। सिरोल थाना क्षेत्र में एक किसान की उपचार के दौरान मौत हो गई, जो 23 दिन पहले अपने पिता के निधन के बाद मानसिक रूप से काफी टूट चुका था। पहली मंजिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए 52 वर्षीय अमर सिंह बघेल ने नौ दिन तक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जंग लड़ी, लेकिन गुरुवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।
Read More: मुरैना में बिजली समाधान योजना से 2260 उपभोक्ताओं को राहत
पिता की मौत के बाद बढ़ गया था तनाव
मृतक अमर सिंह बघेल (52), निवासी लहार जमुहा जिला भिंड, किसान थे। 13 अक्टूबर को उनके पिता फोदल सिंह का हार्ट अटैक से निधन हो गया। पिता की मौत ने अमर सिंह को मानसिक रूप से पूरी तरह झकझोर दिया था। इसके बाद से वह डिप्रेशन में चले गए और ग्वालियर में मनोचिकित्सक से उनका इलाज चल रहा था।
इलाज कराने आए थे ग्वालियर
5 नवंबर को अमर सिंह का बेटा उन्हें इलाज के लिए ग्वालियर लाया। देर रात होने पर दोनों सिरोल क्षेत्र में रिश्तेदार अंकित बघेल के घर रुक गए।
11 नवंबर की सुबह करीब 6 बजे अमर सिंह पहली मंजिल की छत पर गए। कुछ ही देर बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिर पड़े। आवाज सुनकर परिजनों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां नौ दिन तक इलाज चला, लेकिन वह बच नहीं सके।
Read More: मध्यप्रदेश में ठंड का प्रकोप बढ़ा, भोपाल का 84 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा
पुलिस की आशंका
सिरोल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया है। शुरुआती जांच में यह आशंका जताई गई है कि अमर सिंह डिप्रेशन में थे और छत की बाउंड्री पर बैठते समय अचानक चक्कर आने से गिर गए होंगे, जिससे सिर में गंभीर चोट लगी। हालांकि पुलिस यह भी देख रही है कि कहीं यह हादसा किसी और कारण से तो नहीं हुआ। (Gwalior News)
कई पहलुओं पर जांच जारी
पुलिस अमर सिंह के छत से गिरने की वजह जानने के लिए परिजनों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है। यह जांच भी जारी है कि यह पूरी तरह एक हादसा था या इसके पीछे कोई और पहलू जुड़ा हुआ है। (Gwalior News)
Read More: तिरपाल से ढंके कंटेनर में लकड़ी की तस्करी का खुलासा