Chambalkichugli.com

Gwalior News: फर्जी कर्नल ने रिटायर्ड फौजी से 15 लाख वसूले

Gwalior News

Gwalior News: ग्वालियर। सेना में भर्ती के नाम पर 15 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के बैढ़न पचखोरा गांव के रिटायर्ड फौजी भूपेंद्र पांडे से खुद को कर्नल बताने वाले व्यक्ति ने रकम वसूल कर फर्जी ज्वाइनिंग लेटर थमा दिए। भूपेंद्र अपने बेटे निखिल को नर्सिंग असिस्टेंट की भर्ती प्रक्रिया के लिए लखनऊ ले गए थे, जहां दौड़ में फेल होने के बाद यह ठगी शुरू हुई।

लखनऊ में हुई पहली मुलाकात

लखनऊ में सेना की वर्दी में खड़े एक व्यक्ति ने पांडे से मुलाकात की और अपना नाम कर्नल एस.एन. राव बताया। बेटे की भर्ती कराने का भरोसा देते हुए उसने 15 लाख रुपए की मांग रखी। भरोसा कर भूपेंद्र ने उसी समय 7.5 लाख रुपए नकद दे दिए।

ग्वालियर में दी गई दूसरी किस्त

17 नवंबर को कथित कर्नल ने भूपेंद्र को ग्वालियर बुलाया। मुरार स्थित सेना भर्ती कार्यालय के बाहर निजी वाहन में बैठकर उसने फिर 7.5 लाख रुपए नकद और ऑनलाइन भुगतान में ले लिए। इसके बाद उसने भर्ती के दस्तावेजों पर नकली सील लगाकर 4 दिसंबर की ज्वाइनिंग डेट लिखी और सभी को लखनऊ पहुंचने के लिए कहा।

फर्जी अधिकारी ने भूपेंद्र पांडे, उनके भाई और साले को MES में सिक्योरिटी इंचार्ज, फिटर और इलेक्ट्रिशियन के पदों पर नौकरी देने का ऑफर देकर फर्जी ज्वाइनिंग लेटर बनवाकर दे दिए। बाद में उसका मोबाइल फोन बंद मिला।

मिलिट्री ऑफिस पहुंचे तो खुला ठगी का राज

28 नवंबर को भूपेंद्र पांडे और परिवार के सदस्य ज्वाइनिंग लेटर लेकर ग्वालियर के मिलिट्री ऑफिस पहुंचे। जांच में पता चला कि MES में कोई भर्ती नहीं हुई थी और एस.एन. राव नाम का कोई अधिकारी तैनात नहीं था। तब जाकर ठगी का खुलासा हुआ।

एसएसपी ऑफिस में दर्ज कराई शिकायत

पीड़ित रिटायर्ड फौजी ने ग्वालियर एसएसपी ऑफिस में शिकायत दर्ज कराई। एएसपी अनु बेनीवाल ने मामले की जांच के निर्देश दिए। पुलिस ने फर्जी कर्नल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

READ MORE: शिवपुरी में सड़क हादसे में युवक की मौत, पिता गंभीर रूप से घायल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *