Morena heart attack news: चक्कर खाकर सड़क पर गिरी टीचर, लोगों ने समझा हार्ट अटैक; गलत CPR देने से टूट गईं 2 पसलियां
Morena heart attack news: मुरैना में बेहोश हुई महिला टीचर को लोगों ने हार्ट अटैक समझकर CPR देना शुरू कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक हार्ट अटैक नहीं था, गलत CPR देने से महिला की दो पसलियां टूट गईं।
Morena heart attack news: मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना से एक ऐसा मामला सामने आया है, जो बताता है कि बिना सही जानकारी के किसी को प्राथमिक उपचार देना कितना खतरनाक हो सकता है। यहां सड़क पर बेहोश हुई एक महिला टीचर को लोगों ने हार्ट अटैक समझ लिया और तुरंत CPR देना शुरू कर दिया। लेकिन बाद में डॉक्टरों ने बताया कि महिला को हार्ट अटैक आया ही नहीं था।
सड़क पर अचानक हो गई थीं बेहोश
रिपोर्ट्स की माने तो महिला टीचर स्कूटी से जा रही थीं। इसी दौरान उन्हें चक्कर आया और वह सड़क पर गिरकर बेहोश हो गईं। तभी आसपास मौजूद लोगों ने इसे हार्ट अटैक समझ लिया और अस्पताल पहुंचाने तक लगातार उन्हें CPR देते रहे।
अस्पताल में हुआ बड़ा खुलासा
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच की तो पता चला कि महिला को हार्ट अटैक नहीं आया था। उनकी तबीयत बिगड़ने की वजह कुछ और थी। डॉक्टरों ने यह भी बताया कि गलत तरीके से लगातार CPR देने के कारण उनकी दो पसलियां टूट गईं।
डॉक्टरों ने दी अहम सलाह
विशेषज्ञों का कहना है कि CPR सिर्फ तभी देना चाहिए, जब किसी व्यक्ति की सांस और नाड़ी दोनों बंद हो जाएं। यदि व्यक्ति बेहोश है लेकिन उसकी सांस चल रही है, तो बिना जांच के CPR देना नुकसान पहुंचा सकता है।
डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय पहले मरीज की सांस और नाड़ी की जांच करें और तुरंत एम्बुलेंस या मेडिकल मदद बुलाएं। सही समय पर सही प्राथमिक उपचार किसी की जान बचा सकता है, लेकिन गलत तरीका गंभीर नुकसान भी पहुंचा सकता है.


