विमान 14 हजार फीट नीचे आया, जानिए कौन हैं स्मित मच्छार, किसने चाकू से हमला किया और कैसे बचीं 174 जानें?
फ्लाईदुबई की दुबई-तेल अवीव फ्लाइट में कॉकपिट झड़प के बाद विमान तेजी से नीचे आया। भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार ने हालात संभाले और विमान सुरक्षित उतरा।
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में बुधवार को अचानक ऐसा हंगामा हुआ कि कुछ ही सेकंड में विमान करीब 14 हजार फीट नीचे आ गया। मामला इतना गंभीर था कि विमान को अपना रास्ता बदलकर सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा। इस पूरे घटनाक्रम में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को संभालने में अहम भूमिका निभाई।
कॉकपिट में अचानक शुरू हो गई हाथापाई
30 सितंबर को फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच झड़प हो गई। रिपोर्टों के मुताबिक, ओमान के नागरिक बताए जा रहे सह-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से हमला कर दिया।
इसी दौरान विमान तेजी से नीचे जाने लगा। फ्लाइट ट्रैकिंग के मुताबिक, महज 37 सेकंड में विमान करीब 14,300 फीट नीचे आ गया। हालात बिगड़ते देख इमरजेंसी सिग्नल भेजा गया और विमान को सऊदी अरब की ओर मोड़ दिया गया।
घायल कैप्टन ने नहीं छोड़ा मोर्चा
हमले में घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने हालात संभालने की कोशिश जारी रखी। रिपोर्टों के मुताबिक, बाद में विमान में मौजूद कुछ यात्रियों और ऑफ-ड्यूटी क्रू सदस्यों ने भी कॉकपिट में पहुंचकर सह-पायलट को काबू करने में मदद की।
इसके बाद विमान को तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। फ्लाईदुबई ने फिलहाल इसे कॉकपिट में हुई एक घटना बताया है और जांच पूरी होने तक अटकलों से बचने की बात कही है।
कौन हैं कैप्टन स्मित मच्छार?
स्मित मच्छार भारतीय नागरिक हैं और फ्लाईदुबई के बोइंग 737 विमान उड़ाते हैं। इससे पहले वह करीब 11 साल तक स्पाइसजेट में काम कर चुके हैं। जून 2022 में उन्होंने फ्लाईदुबई में कैप्टन के तौर पर काम शुरू किया था।
उनके लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक, उनके पास बोइंग 737-800 और 737 MAX 8/9 उड़ाने का करीब 9,750 घंटे का अनुभव है। स्पाइसजेट में वह 6,400 घंटे से ज्यादा बतौर पायलट-इन-कमांड उड़ान भर चुके हैं।
तबुक में हुई इमरजेंसी लैंडिंग
विमान में 174 यात्री सवार थे। घटना के बाद विमान को तबुक एयरपोर्ट पर उतारा गया। कैप्टन मच्छार समेत दोनों पायलटों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। उनकी हालत को लेकर शुरुआती जानकारी में उन्हें स्थिर बताया गया है। पूरे मामले की जांच जारी है।

