पांच मंजिला इमारत में लगी भीषण आग , कई लोगों की गई जान; 80 का रेस्क्यू , जानिए पूरी खबर
कोलकाता की पांच मंजिला इमारत में देर रात आग लगने से 9 लोगों की मौत हो गई। 80 लोगों को सुरक्षित निकाला गया, जबकि 6 घायल हैं।
.webp)
Kolkata Fire: कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट इलाके में मंगलवार देर रात एक पांच मंजिला इमारत में अचानक आग भड़क उठी। घटना करीब रात 1:45 बजे हुई। इमारत में कई होटल संचालित हो रहे थे और आग लगने के समय ज्यादातर लोग सो रहे थे। धुआं तेजी से पूरी बिल्डिंग में फैल गया, जिससे अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने में परेशानी हुई। हादसे में 9 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में दो महिलाएं और एक चार साल का बच्चा भी शामिल है।
दम घुटने से बिगड़ी लोगों की हालत
जानकारी के मुताबिक, आग लगने के वक्त होटलों में ज्यादातर लोग सो रहे थे। बिल्डिंग में धुआं भरने के कारण उनका दम घुटने लगा। साथ ही कई लोग बेहोशी की हालत में मिले। धुएं के कारण उनकी हालत गंभीर हो गई। इस हादसे में करीब छह लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अब तक करीब 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। मरने वालों में भारतीय और बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं। लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
पांच दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस और डिजास्टर मैनेजमेंट की टीमों ने भी राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से में धुआं अधिक होने के कारण दमकलकर्मियों को अंदर पहुंचने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन इमारत में कूलिंग ऑपरेशन जारी है।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
बता दें पश्चिम बंगाल के फायर डिपार्टमेंट मंत्री कौशिक चौधरी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, आग की वास्तविक वजह फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। मंत्री ने इमारत के अंदर की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि यहां सुरक्षा व्यवस्था बेहद खराब नजर आई। बिल्डिंग में कई होटल चल रहे थे और बुनियादी सुरक्षा एवं निर्माण नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल सामने आए हैं।
बिल्डिंग मालिक की तलाश में पुलिस
पुलिस के अनुसार, इमारत का मालिक फिलहाल फरार है। न्यू मार्केट थाने में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर कार्रवाई कर रही है। जांच एजेंसियां आग लगने की वजह के साथ-साथ इमारत में सुरक्षा मानकों के पालन और होटल संचालन से जुड़े नियमों की भी जांच कर रही हैं।
दो दिन पहले बीरभूम में भी हुआ था हादसा
वहीं इससे पहले 17 अगस्त को पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में तारापीठ मंदिर के पास एक होटल में आग लग गई थी। इस घटना में 9 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 9 लोग घायल हुए थे। उस मामले में भी शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग की संभावित वजह बताया गया था।


.jpg)

