GM पर छेड़छाड़ की FIR, फिर युवती पर ही दर्ज हुआ केस; जानिए आखिर क्या है पूरा मामला?
गुना में शोरूम कर्मचारी युवती ने GM पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया। FIR वापस लेने के दबाव और अपने खिलाफ कराई गई क्रॉस FIR को लेकर पुलिस से शिकायत की।
गुना में एक वाहन शोरूम के प्रबंधन पर कर्मचारी युवती ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ब्यावरा में काम करने वाली युवती ने शुक्रवार को गुना एसपी और कैंट थाना पुलिस को शिकायत देकर कहा कि छेड़छाड़ की FIR वापस लेने के लिए उस पर दबाव बनाया जा रहा है। युवती का आरोप है कि दबाव में उसे और दो कर्मचारियों को गुना के शोरूम में तोड़फोड़ के मामले में फंसा दिया गया।
ब्यावरा में GM के खिलाफ दर्ज कराई थी FIR
युवती के मुताबिक, वह ब्यावरा स्थित महिंद्रा शोरूम में काम करती है। उसका आरोप है कि 18 अगस्त को कुरावर में वाहनों का डेमो पूरा करने के बाद लौटते समय शोरूम के जनरल मैनेजर ने गाड़ी में उसके साथ अश्लील हरकत की। विरोध करने पर नौकरी से निकालने की धमकी देने का भी आरोप लगाया।
युवती ने बताया कि उसने मामले की जानकारी कंपनी के MD को दी थी। आरोप है कि वहां से भी उसे चुप रहने के लिए कहा गया और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई। इसके बाद उसने 25 अगस्त को ब्यावरा थाने में GM के खिलाफ FIR दर्ज कराई।
FIR के बाद दबाव बनाने का आरोप
युवती का कहना है कि मामला दर्ज होने के बाद से ही प्रबंधन की ओर से FIR वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उसके अनुसार, उसका वेतन भी रोक दिया गया। साथ ही उसके समर्थन में खड़े दो अन्य कर्मचारियों पर भी कार्रवाई का दबाव बनाया गया।
तोड़फोड़ के केस को बताया बेबुनियाद
युवती ने आरोप लगाया कि बाद में उसे और अन्य कर्मचारियों को गुना स्थित शोरूम में तोड़फोड़ करने के आरोप में कैंट थाने में क्रॉस FIR में फंसा दिया गया। उसने इन आरोपों को गलत बताते हुए अपने खिलाफ दर्ज केस को खत्म करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस को सौंपे स्क्रीनशॉट
शिकायत के साथ युवती ने पिछले एक महीने के दौरान सोशल मीडिया पर हुई बातचीत के कुछ स्क्रीनशॉट भी पुलिस को दिए हैं। उसका दावा है कि इनमें उस पर बनाए जा रहे दबाव और कथित आपत्तिजनक बातचीत से जुड़े मैसेज हैं।
फिलहाल पुलिस शिकायत और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। युवती द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।



