जम्मू-कश्मीर में आतंकियों की फंडिंग संभालने वाला लश्कर कमांडर अजीज इस्लामाबाद में मरा: 26/11 नेटवर्क के अहम किरदार की संदिग्ध मौत
कश्मीर में मारे गए आतंकियों के परिवारों की वित्तीय सहायता संभालने वाले लश्कर-ए-तैयबा कमांडर कारी सईद अब्दुल अजीज की इस्लामाबाद में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है । 26/11 मुंबई हमले की साजिश से जुड़े इस आतंकी की मस्जिद के गेट के पास अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हुई।
घाटी में मारे गए आतंकियों के घर वालों को आर्थिक मदद पहुचाने ,और लश्कर-ए-तैयबा के वित्तीय तंत्र को चलाने वाले वरिष्ठ कमांडर कारी सईद अब्दुल अजीज की पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में कुछ संदिग्ध हालात में मौत हो गई । 8 अगस्त को मस्जिद के प्रवेश द्वार के पास अचानक बेसुध होकर गिर पड़े, अब्दुल अजीज की मौत के बाद भारत समेत दुनिया भर की सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों का फोकस इस घटनाक्रम पर टिक गया है । 2008 के 26/11 मुंबई आतंकी हमले के साजिशकर्ता नेटवर्क से जुड़ने की वजह से, उनकी अचानक हुई मौत को लश्कर के लिए एक बड़ा घटनाचक्र माना जा रहा है ।
लश्कर का कल्याण कोष और कश्मीर नेटवर्क का मुख्य सूत्रधार था अजीज
अब्दुल अजीज लश्कर-ए-तैयबा के अंदर एक अहम जिम्मेदारी संभाल रहे थे। संगठन के भीतर उनका संबंध एक ऐसे खास विभाग से बताया जाता रहा है , जिसका काम जम्मू-कश्मीर में भारतीय सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ों में मारे गए आतंकियों के परिजनों से तालमेल रखना और उन्हें वित्तीय सहायता देना था । 166 बेगुनाह नागरिकों की जान लेने वाले 2008 के 26/11 मुंबई हमलों की साजिश से जुड़े लश्कर नेटवर्क में भी उनका नाम बार बार उभरता रहा , जिसकी वजह से अंतर्राष्ट्रीय आतंकरोधी एजेंसियां उन्हें लंबे समय से चिन्हित करती आई हैं ।
गुप्त ठिकाने पर खाना, फिर अचानक मौत: जहर का शक या मेडिकल इमरजेंसी का सस्पेंस
रिपोर्ट्स के मुताबिक 8 अगस्त को अब्दुल अजीज मस्जिद पहुंचने से थोड़ी देर पहले किसी अज्ञात जगह पर खाना खाकर आए थे । मस्जिद के गेट के पास पहुंचते ही उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई ,वो जमीन पर गिर गए और देखते ही देखते उनकी मौत हो गई । खाना खाने के बाद, बहुत कम समय में अचानक गिरने वाली इस पूरी घटना को लेकर, उन्हें जहर देने का शक भी सामने आया है । लेकिन जब तक किसी आधिकारिक जांच के नतीजे सामने नहीं आते, तब तक मेडिकल इमरजेंसी जैसी दूसरी संभावनाओं को भी पूरी तरह नकारा नहीं जा सकता ।
पाकिस्तान और PoK में लश्कर के 30 से ज्यादा लोगों के सफाए का दावा
अब्दुल अजीज की मौत ऐसे वक्त में हुई है जब लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक वरिष्ठ व्यक्ति रिजवान हनीफ का वीडियो बयान सुर्खियों में है । हनीफ ने कहा है कि पिछले तीन-चार वर्षों में पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) के पेशावर ,कराची,रावलपिंडी ,रावलाकोट और मुजफ्फराबाद जैसे इलाकों में संगठन से जुड़े 30 से ज्यादा लोग मारे गए हैं । हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और न ही अजीज की मौत से इसका कोई सीधा रिश्ता स्थापित किया गया है, फिर भी इस्लामाबाद में हुई इस घटना ने पाकिस्तान में आतंकी समूहों की गतिविधियों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं ।
