Bharat Tax 2026: मध्य प्रदेश बनेगा ग्लोबल टेक्सटाइल हब, भारत टेक्स-2026 में बोले CM मोहन यादव
भारत टेक्स-2026 में CM मोहन यादव ने निवेशकों को मध्य प्रदेश आने का न्योता दिया। PM मित्र पार्क से 3 लाख रोजगार मिलने की बात कही।
Bharat Tax 2026: दिल्ली। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारत मंडपम में भारत टैक्स-2026 कार्यक्रम के दौरान कहा कि मध्य प्रदेश अब देश का सबसे बड़ा टेक्सटाइल और गारमेंट हब बनने जा रहा है। उन्होंने निवेशकों को प्रदेश में उद्योग लगाने का न्योता देते हुए कहा कि जो एक बार मध्य प्रदेश आता है, वह यहीं का होकर रह जाता है।
PM मित्र पार्क से किसानों को होगा फायदा
सीएम ने कहा कि धार जिले में बन रहे देश के पहले PM मित्र पार्क से प्रदेश को बड़ी आर्थिक ताकत मिलेगी। इससे करीब 3 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा, जबकि मालवा-निमाड़ क्षेत्र के 6 लाख से ज्यादा कपास उत्पादक किसानों को सीधा लाभ होगा।
उन्होंने कहा कि यह पार्क खेत से लेकर फैक्ट्री और फिर वैश्विक बाजार तक उत्पादों की पहुंच आसान बनाएगा।
महेश्वरी और चंदेरी साड़ियों का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश की महेश्वरी और चंदेरी साड़ियां देश ही नहीं, विदेशों में भी अपनी अलग पहचान रखती हैं। उन्होंने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने बुनकरों को रोजगार से जोड़ने की जो परंपरा शुरू की थी, वही आज प्रदेश की ताकत बन चुकी है।
निवेशकों से किए हर वादे पूरे किए
डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने उद्योगपतियों से किए सभी वादे पूरे किए हैं। मई 2026 तक की सभी सब्सिडी और देनदारियों का भुगतान कर दिया गया है। पिछले डेढ़ साल में करीब 5,500 करोड़ रुपये की सब्सिडी उद्योगों को डीबीटी के जरिए दी गई है।
टेक्सटाइल सेक्टर को मिलेगा नया बढ़ावा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने देश की प्रमुख टेक्सटाइल कंपनियों के प्रतिनिधियों से वन-टू-वन चर्चा की। निवेश, निर्यात और रोजगार बढ़ाने को लेकर कई अहम मुद्दों पर बातचीत हुई।
इस दौरान AEPC, MATEXIL और TEXPROCIL के साथ सहयोग के लिए एमओयू पर भी हस्ताक्षर किए गए। मुख्यमंत्री ने भारत टेक्स-2026 प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
