मुरैना में ऑपरेशन के बाद युवक की मौत, परिजनों का हंगामा; सरकारी डॉक्टर चला रहे थे निजी नर्सिंग होम, जांच शुरू
मुरैना में ऑपरेशन के बाद युवक की मौत पर परिजनों ने निजी नर्सिंग होम में हंगामा किया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है।
मुरैना में सड़क हादसे में घायल 27 वर्षीय युवक की निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान मौत के बाद मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही के आरोप लगाए। हालात बिगड़ने पर नर्सिंग होम में पुलिस बल तैनात करना पड़ा। कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। अब पुलिस पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
हादसे के बाद अस्पताल लाया गया था राहुल
मृतक राहुल खरे सड़क हादसे में घायल हुआ था। परिजन उसे सोमवार को बाल निकेतन रोड स्थित बांदिल नर्सिंग होम लेकर पहुंचे थे। यहां डॉक्टर संजीव बांदिल ने शाम करीब 6 बजे राहुल की जांघ का ऑपरेशन किया। परिजनों के मुताबिक ऑपरेशन के बाद रात में उसकी हालत बिगड़ने लगी।
परिजनों का आरोप, रातभर बिगड़ती रही हालत
राहुल के बड़े भाई जितेंद्र और बहन राजेश्वरी ने अस्पताल में इलाज को लेकर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि रात में राहुल की तबीयत लगातार खराब होती रही और वह दर्द से तड़पता रहा, लेकिन समय पर डॉक्टर उसे देखने नहीं पहुंचे। मंगलवार सुबह राहुल ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और नर्सिंग होम में हंगामा शुरू कर दिया।
सुबह से रात तक अस्पताल में जुटे लोग
युवक की मौत की जानकारी फैलने के बाद बड़ी संख्या में परिजन और अन्य लोग नर्सिंग होम पहुंच गए। मंगलवार सुबह से देर रात तक अस्पताल परिसर में हंगामे की स्थिति बनी रही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और सुरक्षा के लिए बल तैनात किया।
पीएम रिपोर्ट के बाद आगे होगी कार्रवाई
कोतवाली पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मर्ग कायम किया है। एसआई पवन भदौरिया के मुताबिक शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। पुलिस पीएम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सरकारी सेवा में डॉक्टर, निजी नर्सिंग होम भी संचालित
मामले में यह तथ्य भी सामने आया है कि डॉ. संजीव बांदिल जिला चिकित्सालय में शासकीय सेवा में पदस्थ हैं। इसके साथ ही वे बांदिल नर्सिंग होम का संचालन भी करते हैं। इसी अस्पताल में हादसे में घायल राहुल का ऑपरेशन किया गया था। हालांकि, मौत के कारणों और इलाज में लापरवाही के आरोपों की पुष्टि जांच और पीएम रिपोर्ट के बाद ही होगी।


.jpg&w=3840&q=75)