उद्घाटन करने पहुंचे नरोत्तम मिश्रा लिफ्ट में फंसे, 15 मिनट तक अटकी रही लिफ्ट
ग्वालियर के जयेंद्रगंज में स्पोकन इंग्लिश कोचिंग सेंटर का उद्घाटन करने पहुंचे पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा लिफ्ट में फंस गए। तकनीकी खराबी के कारण लिफ्ट दूसरे फ्लोर पर रुक गई। करीब 10-15 मिनट बाद कर्मचारियों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्होंने कोचिंग सेंटर का उद्घाटन किया।

Narottam Mishra News: मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा के साथ ग्वालियर में एक अप्रत्याशित घटना हो गई। सोमवार शाम जयेंद्रगंज में एक स्पोकन इंग्लिश कोचिंग सेंटर का उद्घाटन करने पहुंचे मिश्रा तीसरी मंजिल पर जाते समय लिफ्ट में फंस गए। तकनीकी खराबी के कारण लिफ्ट दूसरे फ्लोर पर रुक गई। करीब 10 से 15 मिनट बाद कर्मचारियों ने दरवाजा खोलकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
कोचिंग सेंटर के उद्घाटन के लिए पहुंचे थे मिश्रा
जानकारी के मुताबिक, ग्वालियर के लश्कर क्षेत्र स्थित जयेंद्रगंज में ‘ग्वालियर नंबर 01 स्पोकन इंग्लिश क्लासेस’ की नई ब्रांच का उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसके लिए पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद वे तीसरी मंजिल पर जाने के लिए लिफ्ट में सवार हुए।
दूसरे फ्लोर पर अचानक रुक गई लिफ्ट
बता दें, लिफ्ट पहले फ्लोर से ऊपर जा रही थी, तभी दूसरे फ्लोर पर पहुंचकर तकनीकी गड़बड़ी के चलते अचानक रुक गई। इसके बाद अंदर मौजूद लोग बाहर नहीं निकल सके। घटना की जानकारी मिलते ही भवन के कर्मचारियों और कार्यक्रम के आयोजकों ने लिफ्ट खोलने की कोशिश शुरू कर दी।
10-15 मिनट की मशक्कत के बाद बाहर निकले
लिफ्ट में फंसे पूर्व मंत्री को निकालने के लिए कर्मचारियों ने प्रयास किए। करीब 10 से 15 मिनट बाद दरवाजा खुला और डॉ. नरोत्तम मिश्रा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस दौरान उनके सुरक्षाकर्मी और मौके पर मौजूद अन्य लोग भी स्थिति को लेकर चिंतित रहे। घटना का वीडियो वहां मौजूद एक व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर प्रसारित होने लगा।
लिफ्ट से निकलने के बाद किया कोचिंग का उद्घाटन
वहीं, इस घटना के बाद कार्यक्रम आगे बढ़ा। लिफ्ट से बाहर आने के बाद डॉ. मिश्रा ने स्पोकन इंग्लिश कोचिंग सेंटर का रिबन काटकर उद्घाटन किया। बाद में उन्होंने सोशल मीडिया पर कार्यक्रम से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो भी साझा किए। उन्होंने संस्थान को युवाओं के भविष्य और अंग्रेजी सीखने के अवसरों से जोड़कर देखा।




