सोनिया गांधी की इंस्टाग्राम पर एंट्री के पीछे क्या है वजह? नई किताब का शेयर किया वीडियो, ये 3 अकांउट्स किए फॉलो
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने पहली बार इंस्टाग्राम पर अकाउंट बनाया। पहली पोस्ट में किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ का वीडियो शेयर किया। जानें किताब की रिलीज डेट और खास बातें।


Sonia Gandhi Instagram Debut: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 22 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपना अकाउंट शुरू किया। उन्होंने अपनी पहली पोस्ट में आने वाली किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ की झलक दिखाते हुए एक वीडियो शेयर किया। उनकी यह किताब 10 नवंबर 2026 को प्रकाशित होने वाली है। सोनिया गांधी की सोशल मीडिया पर एंट्री ऐसे समय में हुई है, जब उनकी निजी जिंदगी और राजनीतिक सफर पर आधारित इस किताब को लेकर चर्चा हो रही है।
सोनिया गांधी ने अपनी पहली पोस्ट में किताब को प्यार, कर्तव्य, अपनों को खोने और अपनेपन की जगह तलाशने की कहानी बताया। उनके इंस्टाग्राम पर आने को नई पीढ़ी तक पहुंच बनाने के नजरिए से भी देखा जा रहा है। हालांकि, युवाओं या जेन-जी तक पहुंचने के उद्देश्य से अकाउंट बनाने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पहली पोस्ट में सोनिया गांधी ने क्या लिखा?
सोनिया गांधी ने इंस्टाग्राम पर अपनी पहली पोस्ट में लिखा, ‘नमस्ते सभी को. आप सबके साथ इस पल को साझा करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। पेश है ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ की पहली झलक’। उन्होंने आगे लिखा, ‘यह प्यार, कर्तव्य, नुकसान और अपना स्थान खोजने की कहानी है। मैं इसे आप सभी के साथ साझा करने के लिए उत्सुक हूं’।
उनकी पहली पोस्ट में किताब का वीडियो कवर दिखाया गया। इस पोस्ट के जरिए सोनिया गांधी ने अपने जीवन के अनुभवों और अपनी कहानी को पाठकों तक पहुंचाने की शुरुआत की है।
सोनिया गांधी के अकाउंट पर कितने फॉलोअर्स?
अकाउंट शुरू होने के बाद सोनिया गांधी के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स की संख्या तेजी से बढ़ने की चर्चा रही। उपलब्ध शुरुआती जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 11 बजे तक उनके अकाउंट पर 9 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स थे। उन्होंने अपने अकाउंट से राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और इंडियन नेशनल कांग्रेस को फॉलो किया है। फॉलोअर्स की संख्या समय के साथ बदल सकती है।
क्या जेन-जी तक पहुंच बनाने की कोशिश है?
सोनिया गांधी की इंस्टाग्राम पर एंट्री को युवाओं से जुड़ने के एक संभावित माध्यम के रूप में देखा जा रहा है। इंस्टाग्राम पर रील्स, वीडियो और तस्वीरों के जरिए बड़ी संख्या में लोग अपनी बात रखते हैं। ऐसे में यह प्लेटफॉर्म राजनीतिक हस्तियों के लिए भी अपनी गतिविधियों और विचारों को लोगों तक पहुंचाने का माध्यम बन सकता है। DataReportal की रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 के अंत तक भारत में इंस्टाग्राम के 48.1 करोड़ यूजर्स थे। इनमें करीब 25 करोड़ जेन-जी होने का अनुमान है।
भारत में इंस्टाग्राम का बड़ा ऑडियंस बेस होने के कारण सोनिया गांधी की इस प्लेटफॉर्म पर मौजूदगी चर्चा का विषय बनी है। लेकिन उनका अकाउंट बनाने का मुख्य उद्देश्य जेन-जी तक पहुंचना ही है, ऐसा कहना फिलहाल सही नहीं होगा।
इटली से भारत तक के सफर की कहानी
सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ उनके निजी जीवन और राजनीतिक सफर के कई अहम पहलुओं को सामने लाने वाली है। इसमें इटली में बिताए बचपन से लेकर इंग्लैंड के कैंब्रिज में राजीव गांधी से मुलाकात और फिर भारत आने तक की कहानी शामिल है।
किताब में नेहरू-गांधी परिवार का हिस्सा बनने, राजीव गांधी के साथ जीवन और परिवार में हुई दुखद घटनाओं के उनके जीवन पर पड़े प्रभाव का भी जिक्र है। इसमें इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्याओं के बाद बदली परिस्थितियों तथा सोनिया गांधी के राजनीति में आने के सफर को भी समझने का मौका मिलेगा।
10 नवंबर को प्रकाशित होगी किताब
सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ का प्रकाशन Alfred A. Knopf की ओर से 10 नवंबर 2026 को निर्धारित बताया गया है। किताब में उनके बचपन, परिवार, निजी जीवन, राजनीतिक सफर और भारत के साथ उनके रिश्ते को विस्तार से प्रस्तुत किया जाएगा।




