Chhindwara News: छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। बिछुआ कस्बे में सिर्फ 5 महीने की बच्ची की आयुर्वेदिक कफ सिरप पीने के बाद मौत हो गई। परिवार ने बिना डॉक्टर की पर्ची के एक निजी मेडिकल स्टोर से सिरप खरीदा था और बच्ची को सर्दी-खांसी होने पर उसे पिला दिया। सिरप लेने के कुछ ही देर बाद बच्ची की हालत अचानक बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
मृत बच्ची की पहचान वार्ड नंबर 12 निवासी संदीप मिनोट की बेटी रूही मिनोट के रूप में हुई है। परिवार का आरोप है कि सिरप मिलावटी था और उसी के कारण बच्ची की जान गई।
पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की जांच शुरू
परिजनों ने बिछुआ थाने में शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच के लिए सिरप के नमूने अपने कब्जे में लिए। पुलिस का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिवार ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पहले भी हो चुकी हैं सिरप से मौतें
ध्यान देने वाली बात यह है कि कुछ समय पहले छिंदवाड़ा में ही कफ सिरप कोल्ड्रिफ पीने से 20 से अधिक बच्चों की मौत के मामले सामने आए थे। जांच में सिरप में जहरीले तत्व पाए गए थे। इसके बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रदेश में इस सिरप पर प्रतिबंध लगा दिया था। (Chhindwara News)
READ MORE: माखनलाल यूनिवर्सिटी में बड़ा हादसा, तीसरी मंजिल से गिरा छात्र…