Gwalior News: ग्वालियर। चंबल के बीहड़ों में एक बार फिर डकैतों की सरगर्मी बढ़ गई है। सिरफिरा अपराधी योगेंद्र गुर्जर उर्फ योगी गुर्जर पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। 22 दिन पहले इसने फिल्मी अंदाज में अपनी प्रेग्नेंट प्रेमिका को तिघरा क्षेत्र के गुर्जा गांव से अगवा कर लिया था। अपहरण से पहले गांव में फायरिंग और मारपीट कर दहशत फैलाई गई थी।
घटना के बाद पुलिस ने करीब एक दशक बाद दो आईपीएस अफसरों की निगरानी में एंटी-डकैत स्क्वॉड तैनात की है। यह टीम लगातार बीहड़ों में सर्च ऑपरेशन चला रही है, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है।
मायके और ससुराल वालों को मिल रही धमकियाँ
सूत्रों के अनुसार, योगी लगातार प्रेमिका के मायके (श्योपुर) और ससुराल पक्ष को धमकी दे रहा है। पुलिस का दबाव बढ़ने के बाद भी वह गैंग के साथ इलाके में सक्रिय है और बार-बार लोकेशन बदल रहा है।
इनपुट्स के मुताबिक योगी के साथ करीब 16 साथी हैं। गिरोह के पास देशी-विदेशी हथियार, पिस्टल, बंदूक और माउज़र हैं। गैंग फिलहाल ग्वालियर, मुरैना और धौलपुर के जंगलों में मूव कर रहा है।
चंबल में फिर लौटे डकैतों के दिन?
करीब 10 साल बाद चंबल के बीहड़ों में गैंग की ऐसी सक्रियता ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, वहीं ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
READ MORE: पास्टर गॉडविन केरल से लेता था 60 हजार सैलरी, रिमांड में किए कई खुलासे