Indore lata Alankaran Award : इंदौर में रविवार को आयोजित भव्य लता मंगेशकर अलंकरण समारोह में संगीत जगत के मशहूर गायक सोनू निगम को सम्मानित किया गया।
इस खास मौके पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें पुरस्कार प्रदान किया साथ ही समारोह को कला व संगीत का सबसे पवित्र अवसर बताया। उन्होंने कहा कि लता मंगेशकर जी की आवाज़ सुनना ऐसा है, जैसे मां सरस्वती स्वयं गा रही हों।
सम्मान पाकर भावुक हुए सोनू निगम
इंदौर में रविवार को आयोजित लता मंगेशकर अलंकरण समारोह में सम्मानित होने पर गायक सोनू निगम भावुक हो उठे। उन्होंने मंच से कहा, “लता जी मेरे लिए मां के समान थीं। करीब 45 साल पहले मैं अपने पिता के साथ गायक बनने के सपने लिए मुंबई आया था। आज इस मुकाम पर पहुंचना मेरे लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। लता जी अक्सर हमारे घर आती थीं, मेरे बच्चे के साथ गाती थीं और हमें अपने स्नेह से जोड़कर रखती थीं।”
सोनू निगम ने समारोह से जुड़ी अपनी पुरानी यादें भी साझा कीं। उन्होंने बताया कि लगभग 30 साल पहले वे इसी लता अलंकरण समारोह में एक प्रतिभागी के रूप में इंदौर आए थे। आज उसी मंच से उन्हें सम्मान मिलना उनके जीवन का एक बेहद खास पल है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा, “लता जी ने भारतीय संगीत को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। उनके नाम पर दिया जाने वाला यह पुरस्कार उन कलाकारों के प्रति सम्मान है, जिन्होंने संगीत की दुनिया में अमिट छाप छोड़ी है।”उन्होंने सोनू निगम की उपस्थिति को “अमावस की रात में पूनम के चांद” जैसा बताया।
समारोह की शुरुआत संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने कहा कि यह दिन हमारे लिए गर्व का है क्योंकि लता मंगेशकर जैसी महान विभूति का जन्मदिवस है। उसी अवसर पर यह सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में संस्कृति संचालक एस.पी. नामदेव ने सोनू निगम के प्रशस्ति पत्र का वाचन किया।
READ MORE : पांचवें दिन भी जारी है गोसेवकों का धरना, गोमाता से जुड़ी हैं मांगें, जानें…