Lumpy virus outbreak in Shivpuri: शिवपुरी। जिले में लंपी वायरस एक बार फिर मवेशियों के लिए खतरा बन गया है। जिला मुख्यालय सहित आस-पास के ग्रामीण इलाकों में इस वायरस के लक्षण तेजी से सामने आ रहे हैं। अब तक करीब 200 मवेशियों में लंपी स्किन डिजीज के लक्षण पाए गए हैं, जिनका उपचार जारी है। प्रशासन और पशु चिकित्सा विभाग अलर्ट मोड पर आ गए हैं।
शुरू हुआ लंपी वायरस वैक्सीनेशन अभियान
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पशुपालन विभाग ने लंपी वायरस के प्रसार को रोकने के लिए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। जिले में एहतियात के तौर पर वैक्सीनेशन अभियान चलाया जा रहा है। उपसंचालक डॉ. एल.आर. शर्मा ने जानकारी दी कि शिवपुरी को प्रदेश स्तर से कुल 25 हजार डोज वैक्सीन प्राप्त हुई हैं। इन वैक्सीन को रणनीतिक रूप से विभाजित किया गया है
प्रत्येक विकासखंड को 3,000 डोज जबकि जिला मुख्यालय को 4,000 डोज आवंटित की गई हैं। डॉ. शर्मा ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन पशुपालकों को सतर्क रहने और समय पर लक्षणों की पहचान कर सूचना देने की सलाह दी गई है।
इस बार सैंपलिंग में देरी
सितंबर 2022 में लंपी वायरस ने शिवपुरी जिले में भीषण तबाही मचाई थी, जिससे सैकड़ों मवेशियों की जान चली गई थी। उस समय स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सैंपलिंग कराई गई थी, जिससे संक्रमण की पुष्टि और नियंत्रण में मदद मिली थी।
हालांकि इस बार अभी तक सैंपलिंग की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है। विभाग का मानना है कि यदि समय रहते सतर्कता नहीं बरती गई, तो यह संक्रमण तेजी से फैल सकता है।
यह भी पढ़ें : सत्ता और संगठन का हुआ गेट-टूगेदर, CM समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद, पढ़िए किन मुद्दों पर हुई चर्चा