MP Cold Weather : भोपाल। मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड लगातार बढ़ रही है। सुबह और रात के साथ अब दिन में भी ठंडी हवाएं चलने लगी हैं। मंगलवार को प्रदेश के 15 से अधिक जिलों में शीतलहर दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बुधवार को भी भोपाल, इंदौर, जबलपुर, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, देवास, खंडवा, खरगोन, धार, बड़वानी, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, शहडोल, कटनी और उमरिया के लिए कोल्ड वेव अलर्ट जारी किया है।
18 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे
मंगलवार-बुधवार की रात इस सीजन की सबसे ठंडी रही। राजगढ़ प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। पचमढ़ी में 6.4, उमरिया में 7.6, नौगांव में 7.8, शिवपुरी में 8, धार में 8.8 और मलाजखंड में 8.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। कुल 18 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे चला गया।
भोपाल में टूटा 84 साल का रिकॉर्ड
राजधानी भोपाल में 16-17 नवंबर की रात तापमान गिरकर 5.2 डिग्री पर पहुँच गया। यह नवंबर महीने का पिछले 84 वर्षों का सबसे कम तापमान है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इससे पहले साल 1941 में नवंबर में 6.1 डिग्री दर्ज हुआ था।
ठंड और कोहरे से स्कूलों की टाइमिंग बदली
बढ़ती ठंड और सुबह के कोहरे के कारण कई जिलों में स्कूलों का समय बदल दिया गया है।
जबलपुर में 19 नवंबर से नर्सरी से 5वीं तक के स्कूल सुबह 9 बजे के बाद ही खुलेंगे।
भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, सागर, खंडवा, झाबुआ और शहडोल में भी स्कूलों की टाइमिंग आगे बढ़ाई गई है ताकि बच्चे सुबह की ठिठुरन से बच सकें।
22 नवंबर से मौसम में बदलाव की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल आसमान साफ रहने से उत्तरी हवाएं जोर पकड़ रही हैं, जिससे ठंड और बढ़ सकती है। 22 नवंबर से बंगाल की खाड़ी में एक लो-प्रेशर सिस्टम बनने की संभावना है, जिससे तापमान में हल्का बदलाव आ सकता है, लेकिन उससे पहले तेज ठंड जारी रहने के संकेत हैं।