Chambalkichugli.com

MP Weather Update : ‘मोंथा’ तूफान से 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

MP Weather Update

MP Weather Update : भोपाल। मध्य प्रदेश में एक साथ तीन सिस्टम के सक्रिय होने से बारिश का दौर जारी है। अरब सागर के डिप्रेशन, बंगाल की खाड़ी में बने ‘मोंथा’ साइक्लोन (Cyclone ‘Monthi’) और एक अन्य चक्रवाती सर्कुलेशन के असर से अगले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग की सीनियर वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि पश्चिम, दक्षिण और पूर्वी इलाकों में वर्षा के साथ गरज-चमक का सिलसिला जारी रहेगा।

मौसम विभाग ने श्योपुर, मुरैना, बुरहानपुर, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी और अनूपपुर जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं कुछ जिलों में अति भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। अरब सागर का डिप्रेशन धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है, जबकि ‘मोंथा’ तूफान दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश लाएगा।

गुरुवार को सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल और अनूपपुर में अति भारी वर्षा की संभावना है, जबकि झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, दमोह, कटनी, उमरिया, जबलपुर और मंडला समेत 12 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। शुक्रवार को मौसम का असर कुछ कम होगा, लेकिन मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में तेज बारिश की संभावना बनी रहेगी।

शनिवार को राज्य के 12 जिलों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि रविवार को पश्चिमी और दक्षिणी इलाकों ( अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, बैतूल और पांढुर्णा) में हल्की बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज बारिश के कारण कुछ इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है। नदियों और नालों के किनारे सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के असर से आने वाले दिनों में ठंड में भी इजाफा होगा। किसानों को सलाह दी गई है कि वे फसल की कटाई जल्द पूरी कर लें।

READ MORE: मध्य प्रदेश का 70वां स्थापना दिवस, भोपाल में जुबिन नौटियाल की प्रस्तुति से होगा जश्न

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *