Chambalkichugli.com

Sheopur News: श्योपुर में किसान ने की आत्महत्या, बारिश से धान की फसल बर्बाद होने से था परेशान..

Sheopur News

Sheopur News: श्योपुर। जिले के सिरसोद गांव में बुधवार को एक किसान ने फसल बर्बाद होने से परेशान होकर खेत में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 50 वर्षीय कैलाश मीणा के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और मुआवजे की मांग की।

ग्रामीणों के मुताबिक कैलाश मीणा ने करीब 9 बीघा जमीन में धान की खेती की थी। पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया था, जिससे फसल सड़ने लगी थी। इससे परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया।

सुबह जब कैलाश खेत गए, तो कुछ देर बाद ग्रामीणों ने उनका शव पेड़ से लटका देखा। उन्होंने तुरंत शव को नीचे उतारा और जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम कराया।

विधायक ने उठाई मुआवजे की मांग

घटना की जानकारी मिलते ही श्योपुर विधायक बाबू जंडेल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात की और 50 लाख रुपए मुआवजे की मांग की। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश से किसानों की स्थिति बदतर हो गई है और सरकार को राहत के कदम उठाने चाहिए।

विधायक और समर्थकों ने अस्पताल से शव ले जाने से रोक दिया और कहा कि जब तक उचित मुआवजे की घोषणा नहीं होती, शव नहीं ले जाने देंगे। बाद में पुलिस की समझाइश के बाद शव गांव लाया गया।

ग्रामीणों ने सड़क पर रखा शव

गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने शव को बीच सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। बड़ी संख्या में किसान और महिलाएं धरने पर बैठ गईं। उनका कहना है कि जब तक सरकार आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की घोषणा नहीं करती, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *