Virat Kohli: भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए रवाना हो चुकी है, लेकिन रवाना होने से पहले टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कोहली ने अपनी दरियादिली से फैन्स का दिल जीत लिया।
दरअसल, दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में फैन्स अपने चहेते खिलाड़ियों की झलक पाने पहुंचे थे। इसी दौरान विराट कोहली ने बस में बैठे-बैठे एक फैन को अपना पोस्टर पकड़े देखा। उन्होंने तुरंत उस फैन से पोस्टर मांगा और उस पर ऑटोग्राफ कर दिया। कोहली का यह जेस्चर कैमरे में कैद हो गया और अब सोशल मीडिया पर जमकर शेयर किया जा रहा है।
कोहली की वापसी से उत्साहित फैन्स
लंबे समय बाद विराट कोहली इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं। उन्होंने इस साल की शुरुआत में यूएई में खेले गए चैंपियंस ट्रॉफी के बाद कोई इंटरनेशनल मुकाबला नहीं खेला था। अब उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
36 वर्षीय विराट कोहली और 38 वर्षीय रोहित शर्मा दोनों ही करीब छह महीने बाद वनडे फॉर्मेट में उतरने जा रहे हैं। इस सीरीज को दोनों सीनियर खिलाड़ियों के भविष्य की दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि अगला वनडे वर्ल्ड कप अब से दो साल बाद होगा।
वनडे सीरीज का कार्यक्रम
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 19 अक्टूबर को पर्थ में खेला जाएगा। दूसरा वनडे 23 अक्टूबर को एडिलेड और तीसरा व अंतिम वनडे 25 अक्टूबर को सिडनी में होगा।
भारतीय टीम (ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज के लिए): शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल।
READ MORE : महिला क्रिकेट टीम ने बाबा महाकाल के दरबार में टेका माथा…