DATIYA NEWS : मध्यप्रदेश। दतिया जिले में अवैध शराब के खिलाफ चल रही संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक मार्मिक घटना सामने आई। पुलिस और आबकारी विभाग की टीम जब फुलरा कंजर डेरा क्षेत्र में दबिश देने पहुंची तो एक दंपती अपने तीन माह के बच्चे को छत पर छोड़कर फरार हो गया। ठंड में मासूम बच्चे के रोने की आवाज सुनकर मौके पर मौजूद SDOP आकांक्षा जैन तुरंत छत पर पहुंच गई।
SDOP ने बच्चे को पिलाया दूध
एसडीओपी आकांक्षा जैन ने बच्चे को गोद में उठाया, दूध मंगवाकर पिलाया और ठंड से बचाने के लिए गर्म कपड़ों की व्यवस्था करवाई। बाद में बच्चे को उसकी बड़ी बहन के सुपुर्द करते हुए परिवार को समझाइश भी दी गई। बता दें कि एसडीओपी का कहना है कि कानून के साथ-साथ मानवीय संवेदना भी पुलिस की जिम्मेदारी है।

अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई
इस कार्रवाई में पुलिस ने 5400 लीटर कच्ची हाथ भट्टी शराब, करीब 19 हजार किलो गुड़ लहान, 72 ड्रम और दो शराब निर्माण मशीनें मौके पर ही नष्ट कीं। जब्त और नष्ट की गई सामग्री की अनुमानित कीमत 30.81 लाख रुपए आंकी गई है। बताया जा रहा है कि मामले में मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत दो प्रकरण दर्ज किए गए हैं।