MORENA NEWS : मुरैना। शहर के बालाजी पैलेस मैरिज गार्डन के पास 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत का मामला अब संदिग्ध हो गया है। पहले जिसे सड़क हादसा माना जा रहा था, वह अब सुनियोजित हत्या की ओर इशारा कर रहा है। घटना के 7 दिन बाद सामने आए CCTV फुटेज ने पूरे घटनाक्रम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
GWALIOR TRUCK ACCIDENT: भिंड रोड पर दर्दनाक हादसा, चार लोगों की मौत, ड्राइवर फरार
10 सेकंड के अंतर में दो कारों ने कुचला
घटना 22 जनवरी, गुरुवार दोपहर की है। मृतक मुन्ना शर्मा (65) अपने घर जा रहे थे। जैसे ही वे बालाजी पैलेस मैरिज गार्डन रोड पर पहुंचे, पीछे से आई तेज रफ्तार बिना नंबर की सफेद स्कॉर्पियो ने उन्हें लहराते हुए टक्कर मारी और कुचलते हुए निकल गई। इसके करीब 10 सेकंड बाद, पीछे से आई सफेद स्विफ्ट कार ने सड़क पर गिरे मुन्ना शर्मा को दोबारा कुचल दिया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हादसा समझकर कर दिया गया अंतिम संस्कार
शुरुआत में पुलिस ने मामले को सड़क दुर्घटना मानते हुए मर्ग कायम किया। इसी आधार पर परिजनों ने अंतिम संस्कार भी कर दिया। हालांकि परिजन शुरू से ही इसे हादसा मानने को तैयार नहीं थे।
ANUPPUR ACCIDENT NEWS: रीवा–अमरकंटक मार्ग पर भीषण हादसा, बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत; 4 लोग घायल
7 दिन बाद मिला CCTV फुटेज
मृतक के परिजन लगातार सच्चाई की तलाश में आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच करते रहे। घटना के 7 दिन बाद एक कैमरे का फुटेज मिला, जिसमें पूरी वारदात कैद है। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि पहले स्कॉर्पियो और फिर स्विफ्ट कार ने बुजुर्ग को कुचला।
ब्याज के काम से जुड़ी रंजिश की आशंका
परिजनों के अनुसार, मुन्ना शर्मा लंबे समय से बोहरगत ब्याज का काम करते थे और इसके लिए उनके पास वैध लाइसेंस भी था। आशंका जताई जा रही है कि किसी लेन-देन या रंजिश के चलते यह साजिश रची गई हो सकती है।
बेटे का आरोप: यह हादसा नहीं, हत्या है
मृतक के बेटे नीलेंद्र शर्मा ने कहा यह सड़क हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। CCTV में साफ दिख रहा है कि दो गाड़ियों ने जानबूझकर पिता को कुचला। हमने खुद फुटेज जुटाकर पुलिस को सौंपा है। अब सच सामने लाना पुलिस की जिम्मेदारी है।
पुलिस: प्रथम दृष्टया साजिश के संकेत
कोतवाली थाना प्रभारी अमित भदौरिया ने बताया कि CCTV फुटेज को जांच में शामिल कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि वीडियो में पीछे से टक्कर मारने की बात सामने आई है जिसके बाद संदेहियों की पहचान कर ली गई है। उन्हें बुलाकर फरियादी के साथ पूछताछ की जाएगी।