Balram krishi mahotsav: बलराम कृषि महोत्सव में CM का बड़ा संदेश, बोले- किसान हैं प्रदेश की रीढ़!
Balram krishi mahotsav: CM मोहन यादव ने कहा कि किसान प्रदेश की रीढ़ हैं। बड़वानी के बलराम कृषि महोत्सव में उन्होंने 2026 को 'कृषक कल्याण वर्ष' बताते हुए किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दिया।
Balram krishi mahotsav: मध्यप्रदेश। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बलराम कृषि महोत्सव में वर्चुअली कहा कि किसान मध्यप्रदेश की रीढ़ हैं और उनके विकास के बिना प्रदेश की तरक्की की कल्पना नहीं की जा सकती। यही वजह है कि राज्य सरकार ने साल 2026 को 'कृषक कल्याण वर्ष' घोषित किया है।
इसके तहत प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर बलराम कृषि महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि किसानों को नई तकनीक, प्राकृतिक खेती और आधुनिक कृषि पद्धतियों से जोड़ा जा सके।
उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि किसान सिर्फ ज्यादा उत्पादन ही न करें, बल्कि अपनी उपज का बेहतर दाम भी हासिल करें।
बड़वानी के केले की विदेशों तक पहुंच
मुख्यमंत्री ने बड़वानी की तारीफ करते हुए कहा कि सिंचाई परियोजनाओं और ड्रिप इरिगेशन के विस्तार से यहां कपास और मिर्च की खेती का रकबा बढ़ा है।
उन्होंने बताया कि बड़वानी में उगाया जाने वाले केले अब विदेशों तक पहुंच रहे हैं, जिससे किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेहतर कीमत मिल रही है।
खेतिया मंडी बनेगी कृषि मंडी
डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की कि कृषि कैबिनेट के फैसले के अनुसार खेतिया कृषि उपज मंडी को आदर्श कृषि मंडी के रूप में विकसित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर खाद, अच्छी गुणवत्ता के बीज और पर्याप्त सिंचाई उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। साथ ही उन्होंने बताया कि खाद और बीज की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
