CM Mohan Yadav: दिव्यांग की आवाज सुन CM मोहन यादव ने रुकवाया काफिला, भुट्टा खरीदकर दिए 500 रुपये
CM Mohan Yadav: धार में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दिव्यांग भुट्टा विक्रेता की आवाज सुन काफिला रुकवाया, भुट्टा खरीदा और 500 रुपये देकर हौसला बढ़ाया।
CM Mohan Yadav: धार। धार जिले में गुरुवार को एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींच लिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव झाबुआ के भाबरा में किसान बलराम कृषि महोत्सव में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में उनका काफिला राजगढ़ फोरलेन चौकड़ी से गुजर रहा था। तभी सड़क किनारे भुट्टा बेच रहे एक दिव्यांग युवक ने आवाज लगाई, साहब... भुट्टा खा लीजिए।
आवाज सुनते ही मुख्यमंत्री ने अपना काफिला रुकवा दिया। गाड़ी से उतरकर वे सीधे उस युवक की दुकान तक पहुंचे।
भुट्टा खरीदा, हालचाल पूछा और हौसला भी बढ़ाया
दुकान पर बैठे दिव्यांग युवक हिम्मत चौहान को शायद उम्मीद भी नहीं रही होगी कि मुख्यमंत्री खुद उनके पास आ जाएंगे। मुख्यमंत्री ने उनसे भुट्टा खरीदा, कुछ देर बात की और उनका हालचाल भी पूछा।
बातचीत के दौरान उन्होंने हिम्मत चौहान की पीठ थपथपाई और उनका हौसला बढ़ाया। भुट्टे के बदले उन्होंने 500 रुपये दिए। मुख्यमंत्री के इस व्यवहार से हिम्मत चौहान के चेहरे पर मुस्कान साफ दिखाई दी।
देखते ही देखते जुट गई लोगों की भीड़
मुख्यमंत्री का काफिला अचानक रुकते ही आसपास मौजूद लोग भी वहां पहुंच गए। किसी ने मोबाइल निकालकर वीडियो बनाना शुरू कर दिया तो किसी ने इस पल को कैमरे में कैद कर लिया। कुछ ही देर में यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल होने लगा।
इसके बाद भाबरा के लिए रवाना हुए मुख्यमंत्री
हिम्मत चौहान से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री का काफिला फिर अपने तय कार्यक्रम के लिए झाबुआ के भाबरा रवाना हो गया। वहां उन्होंने किसान बलराम कृषि महोत्सव समेत अन्य कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री के इस छोटे से कदम की इलाके में खूब चर्चा हो रही है। लोगों का कहना है कि व्यस्त कार्यक्रम के बीच भी उन्होंने एक आम व्यक्ति की आवाज सुनी और कुछ पल निकालकर उससे मुलाकात की। यही वजह है कि यह घटना अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
