Hardeep Singh Puri Nomination: मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव के लिए भरा नामांकन, 12 नवंबर को वोटिंग
MP राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया। CM मोहन यादव ने इसे दिवाली से पहले प्रदेश के लिए उपहार बताया।

मध्य प्रदेश की खाली राज्यसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ वे विधानसभा पहुंचे और नामांकन पत्र जमा किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने उनकी उम्मीदवारी का स्वागत करते हुए इसे मध्य प्रदेश के लिए दिवाली से पहले मिला उपहार बताया।
गुरुद्वारे में मत्था टेककर आश्रम में लिया आशीर्वाद
नामांकन दाखिल करने से पहले हरदीप सिंह पुरी ने भोपाल के एक गुरुद्वारे में मत्था टेका। इसके बाद वे करुणा धाम आश्रम पहुंचे और पीठाधीश्वर गुरुदेव सुदेश शांडिल्य महाराज से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, विधायक भगवानदास सबनानी और अन्य पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
CM मोहन यादव ने जताई खुशी
नामांकन के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हरदीप सिंह पुरी का मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करना प्रदेश के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने इसे दिवाली से पहले मिला उपहार बताया। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि पुरी के अनुभव और सहयोग से केंद्र के साथ मध्य प्रदेश को भी फायदा मिलेगा।
हेमंत खंडेलवाल ने भी किया स्वागत
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में हरदीप सिंह पुरी ने नामांकन दाखिल किया है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री के रूप में पुरी के योगदान का जिक्र करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में मध्य प्रदेश को कई सौगातें मिली हैं। खंडेलवाल ने आगे भी प्रदेश को उनके सहयोग का लाभ मिलने की उम्मीद जताई।
कृष्णा गौर ने प्रस्तावक बनने की दी थी सहमति
सूत्रों के अनुसार, नामांकन से एक दिन पहले प्रदेश की मंत्री कृष्णा गौर ने हरदीप सिंह पुरी के प्रस्तावक बनने की सहमति दी थी। शुक्रवार को भाजपा कार्यालय में उन्होंने इस संबंध में सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए थे। इसके बाद शनिवार को पुरी ने अपना नामांकन दाखिल किया।
एल. मुरुगन के इस्तीफे से रिक्त हुई सीट
यह राज्यसभा सीट केंद्रीय मंत्री डॉ. एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। उन्होंने 13 अक्टूबर को राज्यसभा सदस्यता छोड़ दी थी। उनका कार्यकाल अप्रैल 2030 तक था। इस रिक्त सीट को भरने के लिए उपचुनाव कराया जा रहा है, जिसमें 12 नवंबर को मतदान होगा।





