छिंदवाड़ा से शुरू होगी भरोसे की नई पहल, CM मोहन यादव जनता से करेंगे सीधी बात
मध्य प्रदेश सरकार 7 अगस्त से ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026’ शुरू करने जा रही है। अभियान की शुरुआत छिंदवाड़ा से होगी, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतकर्ताओं से आमने-सामने संवाद करेंगे।

भोपाल। सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने वाले लोगों के लिए मध्य प्रदेश सरकार एक नई पहल लेकर आ रही है। 7 अगस्त से शुरू होने वाले ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026’ के तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहली बार छिंदवाड़ा में जिला स्तरीय ‘समाधान कार्यक्रम’ में शामिल होंगे। यहां मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज चुनिंदा शिकायतकर्ताओं से वे सीधे बातचीत करेंगे और उनके मामलों की जानकारी लेंगे। सरकार का दावा है कि इस पहल से शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया तेज होगी और प्रशासन के प्रति लोगों का भरोसा भी मजबूत होगा।
पहले शिकायतों का होगा परीक्षण, फिर होगी मुख्यमंत्री से मुलाकात
इस अभियान को लेकर लोक सेवा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई ने छिंदवाड़ा कलेक्टर को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
निर्देशों के मुताबिक जिले के अलग-अलग विभागों से जुड़ी 20 से 25 शिकायतों का चयन किया जाएगा। इन सभी शिकायतों का परीक्षण कर उनका निराकरण 5 अगस्त तक मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज करना होगा। इसके बाद चयनित शिकायतकर्ताओं को कार्यक्रम में बुलाया जाएगा, जहां वे मुख्यमंत्री से सीधे संवाद करेंगे।
अधिकारियों को भी देना होगा जवाब
समाधान कार्यक्रम में सिर्फ शिकायतकर्ता ही नहीं, बल्कि संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री के सामने अधिकारी अपने विभाग से जुड़ी शिकायतों की स्थिति और उनके समाधान की जानकारी देंगे।
सरकार के अनुसार पूरी प्रक्रिया मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल के माध्यम से संचालित होगी, जिससे शिकायतों के निपटारे में पारदर्शिता बढ़ेगी और अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होगी।
दौरे में समीक्षा बैठक और निवेश पर भी होगी चर्चा
मुख्यमंत्री मोहन यादव के छिंदवाड़ा दौरे के दौरान जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित करने की भी तैयारी है। इसके अलावा उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ संवाद कार्यक्रम का भी प्रस्ताव रखा गया है।
इस दौरान जिले के विकास कार्यों, निवेश की संभावनाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जा सकती है। प्रशासन को सभी तैयारियां तय समय सीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
हर शुक्रवार अलग जिले में पहुंचेगी सरकार
‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026’ शुरू करने का फैसला हाल ही में हुई राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में लिया गया था। अभियान के तहत हर शुक्रवार मुख्यमंत्री, मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी अलग-अलग जिलों का दौरा करेंगे।
इन दौरों में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा, अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और नागरिकों की शिकायतों के प्रभावी समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सरकार का मानना है कि यह पहल प्रशासन और जनता के बीच सीधे संवाद को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

