REWA NEWS : मध्यप्रदेश। रीवा जिले से एक बार फिर मानवता को झकझोर देने वाली तस्वीर सामने आई है, जिसने विकास के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सिरमौर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत रौली में सड़क न होने के कारण ग्रामीणों को एक वृद्ध का शव कपड़े की झोली बनाकर कंधों पर मीलों दूर तक ले जाना पड़ा। यह घटना न सिर्फ सरकारी सिस्टम की नाकामी दिखाती है, बल्कि ग्रामीण इलाकों की बुनियादी समस्याओं को भी उजागर करती है।
MP NEWS : 2 लाख करोड़ निवेश प्रस्तावों का मंच: अटल जयंती पर ग्वालियर ग्रोथ समिट में अमित शाह

जानकारी के अनुसार 55 वर्षीय कमलेश दुबे का भोपाल स्थित चिरायु अस्पताल में कैंसर का इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद एंबुलेंस से शव को गांव के पास तक लाया गया, लेकिन गांव तक पक्की सड़क नहीं होने के कारण शव वाहन घर तक नहीं पहुंच सका।बता दें कि मजबूरी में परिजन और ग्रामीणों ने कपड़े की झोली बनाई और शव को कंधों पर उठाकर पैदल गांव तक ले गए।
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग सिस्टम और प्रशासन पर सवाल उठा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने के लिए नाले पर पुल पहले ही स्वीकृत है, लेकिन वर्षों बाद भी उसका निर्माण नहीं हो पाया। पुल और सड़क न होने के कारण गांव आज भी मुख्य सड़क से कटा हुआ है, और हर आपात स्थिति में ग्रामीणों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। यह तस्वीरें एक बार फिर सोचने पर मजबूर करती हैं कि जब शहरों में विकास की रफ्तार तेज है, तो गांवों तक बुनियादी सुविधाएं कब पहुंचेंगी।