SHAMBHAVI PATHAK : ग्वालियर। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार जिस चार्टर्ड विमान में सवार थे, उसे ग्वालियर की रहने वाली युवा पायलट शांभवी पाठक उड़ा रही थीं। बता दें कि इस हादसे ने पूरे देश के साथ-साथ ग्वालियर शहर को भी गहरे शोक में डुबो दिया है।
शांभवी का जन्म ग्वालियर में ही हुआ था और वो महज़ 25 साल की थी। परिवार, रिश्तेदार और शहरवासी उन्हें एक होनहार और सपनों से भरी बेटी के रूप में याद कर रहे हैं।

दादी को किया आखिरी मैसेज
हादसे से कुछ समय पहले शांभवी ने मुंबई से सुबह 6:36 बजे अपनी दादी मीरा पाठक को एक मैसेज भेजा था। मैसेज में उन्होंने सिर्फ इतना लिखा था— गुड मॉर्निंग दद्दा। इसके बाद शांभवी सीधे अपनी फ्लाइट के लिए रवाना हो गईं। जिसके बाद करीब सुबह 8 बजे उनका विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
फिलहाल शांभवी की दादी मीरा पाठक ग्वालियर में ही रहती हैं। उनके घर में शांभवी की बचपन की कई तस्वीरें आज भी सजी हैं, जो उनकी यादों को और भी भावुक बना देती हैं। शांभवी को बचपन से ही विमानों का खास शौक था। खासतौर पर फाइटर प्लेन के प्रति उनका आकर्षण अलग ही था, जिसकी एक बड़ी वजह यह भी रही कि उनके पिता भारतीय वायुसेना (इंडियन एयर फोर्स) में सेवाएं दे चुके हैं।

शांभवी पाठक की असमय भरी गई यह उड़ान ग्वालियर के लिए गर्व के साथ-साथ गहरा दुख भी छोड़ गई है।