Ken Betwa Link Project: CM मोहन यादव ने पन्ना को दी 184 करोड़ की सौगात, बृहस्पति कुंड ग्लास ब्रिज का किया उद्घाटन
Ken Betwa Link Project: CM मोहन यादव ने पन्ना में 184 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण किया और बृहस्पति कुंड ग्लास ब्रिज का उद्घाटन किया।
Ken Betwa Link Project: पन्ना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पन्ना दौरे पर शहर को विकास की कई बड़ी सौगातें दीं। उन्होंने करीब 184 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने पन्ना की मशहूर प्राकृतिक धरोहर बृहस्पति कुंड में बने ग्लास ब्रिज का भी उद्घाटन किया। माना जा रहा है कि इससे पन्ना में पर्यटन को नई रफ्तार मिलेगी।
केन-बेतवा लिंक परियोजना पन्ना का विकास बढ़ाएगी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना पन्ना के विकास की दिशा बदलने वाली योजना है। इससे इलाके में सिंचाई की सुविधा बढ़ेगी, रोजगार के नए अवसर बनेंगे और किसानों की आय में भी बढ़ोतरी होगी।
35 लाख से ज्यादा लोगों के खातों में पहुंची पेंशन
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान सिंगल क्लिक के जरिए सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत 35 लाख से अधिक हितग्राहियों के खातों में 210 करोड़ रुपये की पेंशन राशि ट्रांसफर की। इसमें दिव्यांगजन, बुजुर्ग और अन्य पात्र हितग्राही शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का मकसद है कि हर जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे। सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।
मेडिकल कॉलेज के उद्घाटन का भी किया वादा
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि पन्ना में बन रहे मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन करने के लिए वह अगले साल फिर जरूर आएंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पर्यटन जैसे सभी क्षेत्रों में पन्ना का तेजी से विकास किया जा रहा है।
