Ujjain Medical University: CM मोहन यादव का बड़ा फैसला! उज्जैन में बनेगी MP की दूसरी सरकारी मेडिकल यूनिवर्सिटी
Ujjain Medical University: CM मोहन यादव की पहल पर उज्जैन में मध्य प्रदेश की दूसरी सरकारी मेडिकल यूनिवर्सिटी बनाने का प्रस्ताव तैयार हुआ है। मंजूरी मिलने पर MP दो सरकारी मेडिकल यूनिवर्सिटी वाला देश का तीसरा राज्य बनेगा।
Ujjain Medical University: उज्जैन। मध्यप्रदेश को मिलने जा रही है MP की दूसरी सरकारी मेडिकल यूनिवर्सिटी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर उज्जैन में प्रदेश की दूसरी सरकारी मेडिकल यूनिवर्सिटी स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। अगर इसे मंजूरी मिलती है, तो मध्य प्रदेश दो सरकारी मेडिकल यूनिवर्सिटी वाला देश का तीसरा राज्य बन जाएगा।
मेडिकल यूनिवर्सिटी से मिलेगा बड़ा फायदा
राज्य सरकार का मानना है कि नई मेडिकल यूनिवर्सिटी बनने से प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा का प्रशासन और बेहतर होगा। मेडिकल, डेंटल, नर्सिंग, आयुष और अन्य स्वास्थ्य विज्ञान संस्थानों की संबद्धता, परीक्षाएं, रिसर्च और शैक्षणिक गतिविधियां पहले से ज्यादा तेज और व्यवस्थित हो सकेंगी।
इन संभागों के कॉलेज होंगे नई यूनिवर्सिटी के तहत
प्रस्ताव के मुताबिक उज्जैन में बनने वाली नई मेडिकल यूनिवर्सिटी के अंतर्गत इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन, नर्मदापुरम और चंबल संभाग के सभी चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विज्ञान संस्थान आएंगे।
वहीं महाकौशल, रीवा, विंध्य, शहडोल और सागर संभाग के संस्थान पहले की तरह जबलपुर मेडिकल यूनिवर्सिटी से जुड़े रहेंगे। इससे दोनों विश्वविद्यालयों के बीच काम का बेहतर बंटवारा होगा।
मध्य प्रदेश बनेगा तीसरा राज्य
नई यूनिवर्सिटी बनने से मेडिकल कॉलेजों की संबद्धता, परीक्षाएं, रिजल्ट और रिसर्च से जुड़े कामों में तेजी आने की उम्मीद है। साथ ही नए मेडिकल कॉलेजों के संचालन में भी आसानी होगी।
अगर इस प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी मिलती है, तो मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के बाद देश का तीसरा राज्य बन जाएगा, जहां दो सरकारी मेडिकल यूनिवर्सिटी संचालित होंगी।
