CM Mohan yadav: बलराम कृषि महोत्सव में CM मोहन यादव का बड़ा तोहफा, किसानों के खातों में ₹3300 करोड़ ट्रांसफर
CM Mohan yadav: मुख्यमंत्री मोहन यादव ने खंडवा से 82 लाख से ज्यादा किसानों के खातों में ₹3300 करोड़ ट्रांसफर किए। साथ ही जिले में नई पुलिस बटालियन बनाने की भी घोषणा की।
CM Mohan yadav: खंडवा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को खंडवा में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के 82 लाख से अधिक किसानों को बड़ी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत सिंगल क्लिक से ₹3300 करोड़ की राशि उनके खातों में ट्रांसफर की।
इस योजना से प्रत्येक किसान को करीबन ₹4,000 तक की सहायता राशि दी गई।
किसानों के खातों में पहुंचे ₹3300 करोड़
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसान कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत प्रदेशभर के लाखों किसानों को आर्थिक सहायता दी गई है, ताकि खेती-किसानी को और मजबूत बनाया जा सके।
खंडवा को मिली पुलिस बटालियन की सौगात
मुख्यमंत्री ने खंडवा के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार करते हुए जिले में नई पुलिस बटालियन बनाने की घोषणा की। इस ऐलान का कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियों के साथ स्वागत किया।
सिंचाई बढ़ाने पर सरकार का फोकस
सीएम मोहन यादव ने कहा कि सरकार प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। केन-बेतवा परियोजना के जरिए बुंदेलखंड के कई जिलों को लाभ मिलेगा। वहीं नर्मदा, ताप्ती, कालीसिंध और पार्वती नदी क्षेत्रों में भी सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
16 विभाग मिलकर कर रहे काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि 'किसान कल्याण वर्ष' के तहत 16 विभाग मिलकर किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण विकास के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि किसानों के साथ-साथ लाड़ली बहना योजना, दिव्यांग और विधवा महिलाओं के खातों में भी सहायता राशि भेजी गई है।
विकास और सांस्कृतिक योजनाओं का भी जिक्र
अपने संबोधन में सीएम ने कहा कि सरकार सड़क, बिजली और हर घर नल से जल जैसी योजनाओं पर तेजी से काम कर रही है। उन्होंने ओंकारेश्वर में सिंहस्थ की तैयारियों, भगवान कृष्ण और भगवान राम से जुड़े धार्मिक स्थलों के विकास तथा समान नागरिक संहिता (UCC) पर भी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
