मुंबई में दाऊद इब्राहिम के पुश्तैनी घर पर चला बुलडोजर, BMC ने क्यों गिराई 87 साल पुरानी इमारत?
BMC ने अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के पुश्तैनी घर को गिराने का काम शुरू कर दिया है।

Dawood Ibrahim House Demolition: महाराष्ट्र के मुंबई में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहीम के भिंडी बाजार स्थित पुराने घर पर बीएमसी ने बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी है। जर्जर और खतरनाक हो चुकी इमारत को गिराया जा रहा है। यह वही इमारत है, जहां कभी अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम अपने परिवार के साथ रहता था। जिस जगह को कभी हज यात्रियों के ठहरने के लिए बनाया गया था, बाद में वही दाऊद इब्राहिम के शुरुआती जीवन और उसके आपराधिक नेटवर्क से जुड़ गई।
गुरुवार, 19 नवंबर को भारी पुलिस सुरक्षा के बीच इमारत के बचे हुए हिस्सों को गिराने का काम किया गया। नगर निगम ने इमारत की जर्जर हालत को कार्रवाई की मुख्य वजह बताया है। हालांकि, इस कार्रवाई के पीछे केवल सुरक्षा का मामला नहीं, बल्कि भिंडी बाजार का पुनर्विकास प्रोजेक्ट भी एक बड़ी वजह है।
हज यात्रियों के लिए बनाए गए थे 36 कमरे
मुसाफिरखाना का इतिहास दाऊद इब्राहिम से भी पुराना है। इस इमारत का निर्माण 1939 में कराया गया था। इसका उद्देश्य भारत के अलग-अलग हिस्सों से मुंबई पहुंचने वाले हज यात्रियों को ठहरने की सुविधा देना था। उस समय समुद्री रास्ते से मक्का जाने वाले यात्रियों के लिए मुंबई एक महत्वपूर्ण पड़ाव हुआ करता था।
इमारत में यात्रियों के ठहरने के लिए कुल 36 कमरे बनाए गए थे। साल 1944 में बॉम्बे हाईकोर्ट ने मुसाफिरखाना ट्रस्ट के संचालन के लिए एक योजना तैयार की थी। इसके तहत हज यात्रियों को ठहरने की सुविधा देना और इमारत का रखरखाव करना ट्रस्ट के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल था।
समय के साथ हज यात्रियों की आवाजाही कम होने लगी। इसके बाद इमारत के ऊपरी हिस्से के कमरे किराए पर दिए जाने लगे। ग्राउंड फ्लोर पर दुकानें और गोदाम संचालित होने लगे। इनसे मिलने वाली किराए की रकम का इस्तेमाल गरीबों की शिक्षा और इलाज जैसी सामाजिक गतिविधियों में किया जाता था।
दाऊद के परिवार ने बनाया था इसे अपना ठिकाना
मुसाफिरखाना की पहचान उस समय बदल गई, जब दाऊद इब्राहिम का परिवार यहां रहने आया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दाऊद के पिता इब्राहिम कासकर मुंबई पुलिस में कांस्टेबल थे। उनका परिवार पहले टेमकर मोहल्ला में रहता था। बाद में कासकर परिवार मुसाफिरखाना में रहने लगा।
दाऊद ने अपने जीवन का शुरुआती समय इसी इमारत में बिताया। बताया जाता है कि वह यहां की दूसरी मंजिल पर परिवार के साथ रहता था। यह मुंबई में दाऊद का एकमात्र ऐसा घर था, जिसे वह अपना ठिकाना कह सकता था।
धीरे-धीरे दाऊद का नाम मुंबई के आपराधिक जगत में उभरने लगा। उसके साथियों और गिरोह की गतिविधियों के कारण यह इमारत भी चर्चा में आ गई। बाद में यही गिरोह D Company के नाम से पहचाना जाने लगा।
1986 में मुंबई छोड़कर फरार हो गया था दाऊद
दाऊद इब्राहिम का नाम मुंबई में अपराध की दुनिया के सबसे चर्चित नामों में शामिल हो गया। उस पर हत्या, जबरन वसूली, तस्करी और संगठित अपराध से जुड़े कई गंभीर आरोप लगे। साल 1986 में वह भारत छोड़कर चला गया। इसके बाद 1993 के मुंबई सीरियल बम धमाकों में भी उसका नाम मुख्य साजिशकर्ताओं में शामिल किया गया।
12 मार्च 1993 को मुंबई में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों में 257 लोगों की मौत हुई थी। इन धमाकों ने पूरे देश को झकझोर दिया था। इसके बाद दाऊद भारतीय जांच एजेंसियों की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल हो गया।
क्यों तोड़ी गई दाऊद से जुड़ी यह इमारत?
मुसाफिरखाना अब सैफी बुरहानी अपलिफ्टमेंट ट्रस्ट (SBUT) के भिंडी बाजार क्लस्टर रिडेवलपमेंट प्रोजेक्ट का हिस्सा है। ट्रस्ट ने इस प्रॉपर्टी को मुसाफिरखाना ट्रस्ट से खरीदा था। इमारत का एक हिस्सा प्रस्तावित आंतरिक सड़क के रास्ते में आ रहा था, जिसके चलते इसे हटाने की जरूरत बताई गई।
BMC ने इसे C-1 श्रेणी की खतरनाक इमारत घोषित किया था। इस श्रेणी में ऐसी इमारतें आती हैं, जिनकी हालत बेहद खराब होती है और जिनके गिरने से लोगों की जान को खतरा हो सकता है।
नगर निगम ने बॉम्बे हाईकोर्ट के 31 अगस्त 2020 के आदेश के तहत कार्रवाई की। इसके लिए 18 और 19 नवंबर की तारीख निर्धारित की गई थी।
प्रार्थना स्थल को लेकर भी हुआ विवाद
इस इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर एक प्रार्थना स्थल मौजूद था, जहां लोग नमाज पढ़ने आते थे। BMC ने इसे खाली करने के लिए नोटिस जारी किया था। वहीं, SBUT की ओर से प्रार्थना स्थल के लिए सेक्टर-4 स्थित अन नस्र टावर में वैकल्पिक जगह देने का प्रस्ताव रखा गया था। इसके अलावा किराए के रूप में आर्थिक सहायता देने का विकल्प भी दिया गया था।
हालांकि, प्रार्थना स्थल से जुड़े लोगों और कुछ स्थानीय निवासियों ने इस कार्रवाई का विरोध किया। उनका कहना था कि यह जगह धार्मिक और भावनात्मक महत्व रखती है। इसी विवाद के चलते कार्रवाई को लेकर कानूनी अड़चनें भी सामने आईं।
बाद में 19 नवंबर को BMC ने भारी पुलिस सुरक्षा के बीच इमारत के बचे हुए हिस्सों को गिराने का काम शुरू किया।


