ग्वालियर: मनचले की हरकतों से परेशान छात्रा ने छोड़ी पढ़ाई, बात नहीं करने पर बहनों को जान से मरवा देने की धमकी; शिकायत दर्ज
ग्वालियर के लधेड़ी इलाके में मनचले की हरकतों से परेशान 15 वर्षीय छात्रा ने स्कूल जाना छोड़ दिया।

.webp&w=3840&q=75)
Gwalior News: ग्वालियर शहर के लधेड़ी इलाके में एक नाबालिग छात्रा को मनचले का लगातार परेशान करना और धमकाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक करीब पांच महीने से छात्रा को रास्ते में रोककर परेशान कर रहा था। उसकी हरकतों से डरी छात्रा ने स्कूल जाना तक बंद कर दिया। मामला तब और गंभीर हो गया, जब आरोपी ने एक बच्ची के हाथ छात्रा के घर मोबाइल भिजवाया और फोन पर बात करने का दबाव बनाया। बात नहीं करने पर उसकी बहनों को जान से मरवा देने की धमकी भी दी।
मनचले के डर से नहीं जा रही थी स्कूल
पीड़िता कक्षा 9वीं की छात्रा है। परिजनों के मुताबिक, आरोपी की हरकतों के कारण वह पिछले करीब तीन महीने से स्कूल नहीं जा रही थी। परिवार ने पहले भी आरोपी को समझाने की कोशिश की, लेकिन परेशानी कम नहीं हुई। आखिरकार 23 नवंबर को छात्रा ने माता-पिता के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
दादी के साथ नहीं होने पर रास्ते में रोकने का आरोप
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, छात्रा को रोज स्कूल छोड़ने और वापस लाने के लिए उसकी दादी साथ जाती थीं। आरोप है कि जब किसी दिन दादी साथ नहीं होती थीं, तब इलाके में रहने वाला प्रिंस मांझी उसे रास्ते में रोक लेता था। वह कथित तौर पर अश्लील बातें करता और गलत तरीके से छूने की कोशिश करता था।
परिवार का कहना है कि लगातार हो रही इन घटनाओं से छात्रा इतनी डर गई कि उसने स्कूल जाना ही बंद कर दिया। पढ़ाई छूटने के बाद भी आरोपी की ओर से उसे परेशान किए जाने का सिलसिला नहीं रुका।
बच्ची के हाथ मोबाइल भेजकर बात करने का दबाव
शिकायत में बताया गया कि 13 नवंबर की शाम आरोपी ने घर में रहने वाले किरायेदार की 12 वर्षीय बेटी के जरिए छात्रा तक एक की-पैड मोबाइल पहुंचाया। कुछ देर बाद उसी फोन पर आरोपी ने कॉल किया। उसने छात्रा से रोज बातचीत करने और मोबाइल अपने पास रखने को कहा।
आरोप है कि फोन पर बात नहीं करने की स्थिति में उसने छात्रा की बहनों को जान से मरवा देने की धमकी दी। इससे घबराकर छात्रा ने मोबाइल और सिम नष्ट कर दिए और पूरी घटना परिवार को बता दी।
पिता से शिकायत करने पर भी नहीं मिली राहत
पीड़िता की बहनों के साथ भी आरोपी की ओर से अभद्रता और धमकी देने का आरोप लगाया गया है। परिवार के मुताबिक, 19 नवंबर को छात्रा के पिता ने आरोपी के पिता से फोन पर बात कर बेटे की हरकतों की शिकायत की थी। लेकिन बेटे को समझाने के बजाय आरोपी के पिता ने उल्टा धमकाते हुए कहा कि "मैं, क्या कर सकता हूं, तुम जो कर सकते हो कर लो"।
पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपी की तलाश जारी
ग्वालियर थाना प्रभारी प्रशांत शर्मा के मुताबिक, 23 नवंबर को छात्रा अपने माता-पिता के साथ थाने पहुंची और लिखित शिकायत दी। पुलिस ने प्रिंस मांझी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी की तलाश की जा रही है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।






