छात्रवृत्ति दूसरे खाते में पहुंची, देवास में CM ने पर्यवेक्षक की वेतन वृद्धि रोकने के दिए निर्देश
देवास में लाड़ली लक्ष्मी छात्रवृत्ति दूसरे खाते में जमा होने की शिकायत पर CM मोहन यादव ने पर्यवेक्षक की वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए।

देवास के समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में लाड़ली लक्ष्मी योजना की छात्रवृत्ति से जुड़ी शिकायत सामने आई। आवेदिका सलोनी सिसोदिया ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को बताया कि उन्हें छात्रवृत्ति नहीं मिली। बातचीत में पता चला कि राशि उनके खाते के बजाय किसी दूसरे खाते में जमा हो गई थी। मामले में जरूरी फॉलोअप नहीं होने पर मुख्यमंत्री ने महिला एवं बाल विकास विभाग की संबंधित पर्यवेक्षक की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए।
लाड़ली लक्ष्मी योजना की राशि दूसरे खाते में जमा
समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में सलोनी सिसोदिया ने छात्रवृत्ति नहीं मिलने की शिकायत रखी। मामले की जानकारी लेने पर सामने आया कि लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत मिलने वाली छात्रवृत्ति उनके बैंक खाते में पहुंचने के बजाय किसी दूसरे खाते में जमा हो गई थी। संबंधित पर्यवेक्षक की ओर से जरूरी फॉलोअप नहीं किए जाने की बात भी सामने आई।
पर्यवेक्षक की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने मामले में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग की संबंधित पर्यवेक्षक की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना अधिकारियों की जिम्मेदारी है और इस काम में उदासीनता नहीं होनी चाहिए।
शिकायत की फाइल नहीं मिलने पर उद्योग अधिकारी पर कार्रवाई
कार्यक्रम में एक अन्य शिकायत के निराकरण में देरी और संबंधित प्रकरण की नस्ती प्रस्तुत नहीं कर पाने का मामला सामने आया। मुख्यमंत्री ने इस पर नाराजगी जताते हुए देवास के उद्योग विभाग के महाप्रबंधक रतन सिंह डावर को निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम लोगों की शिकायतें लंबित रखना स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सैनिक के परिवार को 10 लाख रुपये
मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय सैनिक पवन यादव के परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सैनिकों के परिवारों का सम्मान और सहयोग सरकार की प्राथमिकता है। सैनिक को शहीद का दर्जा दिए जाने के मामले में आवश्यक परीक्षण कराया जा रहा है और इसके बाद सरकार निर्णय पर विचार करेगी।
किसान को 50 हजार रुपये की सहायता
वन अधिकार पट्टाधारी किसान लाल सिंह ने फसल बीमा की राशि नहीं मिलने की शिकायत की। मुख्यमंत्री ने उनकी समस्या सुनकर 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की और अधिकारियों को भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।
नल जल योजना के ठेकेदार पर कार्रवाई
सुरेश मालवीय ने नल जल योजना के काम में लापरवाही की शिकायत की। मुख्यमंत्री ने संबंधित ठेकेदार पर एक लाख रुपये की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की निगरानी और शिकायतों के समय पर समाधान पर ध्यान देने को कहा।
समाधान ऑनलाइन में वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित
कार्यक्रम में मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, मुख्यमंत्री सचिवालय के सचिव डॉ. सुदाम खाड़े, उज्जैन संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत भसीन, देवास कलेक्टर नेहा मीना और पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


