‘ना देश के कानून का सम्मान, ना अनुशासन का ख्याल’, MP डीजीपी के जवाब पर हाई कोर्ट ने जताई नाराजगी
हाई कोर्ट ने DGP कैलाश मकवाना के जवाब पर नाराजगी जताते हुए आदेश की कॉपी CM और मुख्य सचिव को भेजने के निर्देश दिए।


Gwalior High Court: ग्वालियर सेंट्रल जेल में बंद कैंसर से पीड़ित कैदी को बेहतर इलाज के लिए एम्स दिल्ली नहीं भेजने के मामले में मध्यप्रदेश हाई कोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने सख्त नाराजगी जताई है। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने DGP कैलाश मकवाना की ओर से पेश जवाब पर असंतोष जाहिर किया। कोर्ट ने पुलिस अधिकारियों के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि न तो देश के कानून का सम्मान किया जा रहा है और न ही अनुशासन का ख्याल रखा जा रहा है।
मामले की सुनवाई जस्टिस जीएस अहलूवालिया और जस्टिस अनुराधा शुक्ला की खंडपीठ में हुई। रिकॉर्ड के मुताबिक, जेल प्रशासन ने कैदी नरहरि को एम्स दिल्ली ले जाने के लिए पुलिस एस्कॉर्ट उपलब्ध कराने के संबंध में कुल 34 पत्र भेजे थे। इनमें से सिर्फ 3 पर कार्रवाई की गई, जबकि 31 पत्रों का जवाब तक नहीं दिया गया।
DGP के जवाब पर कोर्ट ने उठाए सवाल
सुनवाई के दौरान DGP कैलाश मकवाना की ओर से पेश जवाब में कहा गया था कि पुलिस एस्कॉर्ट उपलब्ध नहीं कराने से किसी नागरिक के मौलिक अधिकारों की अनदेखी नहीं मानी जा सकती। इस दलील पर कोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताई।
खंडपीठ ने सवाल उठाया कि जब पुलिस अधिकारियों के रिकॉर्ड में सभी 34 पत्र मौजूद थे, तो DGP की ओर से पेश जवाब में इन तथ्यों का उल्लेख क्यों नहीं किया गया। कोर्ट ने वरिष्ठ अधिकारियों पर जिम्मेदार कर्मचारियों को बचाने और महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाने की कोशिश करने पर भी सवाल उठाए।
दो पुलिसकर्मी निलंबित, विभागीय जांच के निर्देश
मामले में ग्वालियर SSP धर्मवीर सिंह ने कोर्ट को बताया कि रक्षित निरीक्षक रंजीत सिंह सिकरवार और आरक्षक देवेंद्र भदौरिया को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि विभागीय जांच पूरी होने तक दोनों को बहाल नहीं किया जाएगा। कोर्ट ने इस आश्वासन को रिकॉर्ड पर लिया।
आदेश की कॉपी सीएम और सीएस को भेजने के निर्देश
पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए हाई कोर्ट ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी पुलिस को बेलगाम घोड़ा बनाने की कोशिश कर रहे हैं। कोर्ट ने आदेश की प्रति मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को भेजने के निर्देश दिए हैं, ताकि मामले की गंभीरता शासन के संज्ञान में आ सके। अब इस मामले में अगली सुनवाई 2 दिसंबर को होगी।



