CM Mohan Yadav: 10.54 लाख किसानों को बड़ी सौगात, PM फसल बीमा योजना के तहत खातों में भेजे 1460.25 करोड़ रुपये
CM Mohan Yadav: मध्य प्रदेश के 10.54 लाख किसानों के खातों में PM फसल बीमा योजना के तहत 1460.25 करोड़ रुपये ट्रांसफर।
CM Mohan Yadav: भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को मध्य प्रदेश के किसानों को बड़ी राहत दी। उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 10 लाख 54 हजार किसानों के बैंक खातों में 1460 करोड़ 25 लाख रुपये की दावा राशि सिंगल क्लिक के जरिए ट्रांसफर की। यह राशि खरीफ 2025 की फसल बीमा क्लेम के रूप में जारी की गई।
मुख्यमंत्री ने जगदीशपुर में आयोजित मंत्री परिषद की बैठक के तुरंत बाद किसानों के खातों में यह राशि जारी की।
CM बोले- हर परिस्थिति में किसानों के साथ है सरकार
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी किसानों के हितों को लेकर हमेशा संवेदनशील रहे हैं। प्राकृतिक आपदा से फसल खराब होने पर किसानों को आर्थिक सुरक्षा देने के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना चलाई जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर मुश्किल समय में किसानों के साथ खड़ी है।
किसानों से बीमा कराने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार अल-नीनो के प्रभाव के कारण सामान्य मानसून की संभावना कम है। ऐसे में किसानों को समय रहते अपनी अधिसूचित फसलों का बीमा जरूर करा लेना चाहिए, ताकि किसी भी नुकसान की स्थिति में उन्हें आर्थिक सहायता मिल सके।
अब तक किसानों को मिल चुके 30 हजार करोड़ से ज्यादा
किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना ने बताया कि वर्ष 2016-17 से 2024-25 तक प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत प्रदेश के किसानों को 30,942.34 करोड़ रुपये की दावा राशि का भुगतान किया जा चुका है।
