Shivpuri Historical Cannon Theft: 400 साल पुरानी तोप चोरी केस में बड़ा अपडेट, आरोपी की सूचना देने वाले को मिलेगा 10 हजार का इनाम
Shivpuri Historical Cannon Theft: नरवर किले से 400 साल पुरानी अष्टधातु की तोप चोरी। आरोपी की सूचना देने वाले को पुलिस देगी 10 हजार रुपये का इनाम।
Shivpuri Historical Cannon Theft: मध्यप्रदेश। शिवपुरी में सिंधिया विरासत की 400 पुरानी तोप चोरी केस में बड़ा अपडेट सामने आया है। जहां पुलिस ने अज्ञात आरोपी की जानकारी देने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने कहा है कि चोरी से जुड़ी पुख्ता जानकारी देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
15 जुलाई को हुई थी चोरी
यह घटना नरवर थाना क्षेत्र की है। 15 जुलाई को नरवर किले के कचहरी महल में रखी 14 ऐतिहासिक तोपों में से एक तोप गायब मिली थी। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
अष्टधातु से बनी थी ऐतिहासिक तोप
बताया जा रहा है कि चोरी हुई तोप पीतल, तांबा, कांसा समेत अष्टधातु के मिश्रण से बनी थी। इस पर राजचिह्न और फारसी व देवनागरी लिपि में शिलालेख भी अंकित थे। विशेषज्ञों के मुताबिक यह तोप सिर्फ धातु का टुकड़ा नहीं, बल्कि इतिहास की अनमोल धरोहर थी।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
किले में तैनात सुरक्षाकर्मी ने बताया कि सुरक्षा के नाम पर उनके पास सिर्फ एक डंडा था और रात में रोशनी के लिए टॉर्च तक उपलब्ध नहीं थी। उन्होंने दावा किया कि बदमाशों ने धमकी देकर उन्हें वहां से हटने पर मजबूर कर दिया।
फिलहाल पुलिस चोरी हुई तोप की तलाश में जुटी है और आरोपी तक पहुंचने के लिए लोगों से सहयोग की अपील की गई है।
