Ashoknagar News: महिला SI रोते हुए बोलीं- ‘छोटी बेटी है मेरी’, 5 महीने से वेतन बंद; जानिए क्या है मामला
Ashoknagar News:फिलहाल महिला SI के आरोपों पर पुलिस विभाग की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Ashoknagar News:मध्यप्रदेश के अशोकनगर में सिटी कोतवाली में पदस्थ महिला सब इंस्पेक्टर पूजा रघुवंशी का रोते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वह पुलिस अधिकारियों से मदद की गुहार लगाते हुए वेतन रोके जाने का आरोप लगा रही हैं। उनका कहना है कि सड़क हादसे के बाद से वह स्पाइन की समस्या से जूझ रही हैं और ड्यूटी पर लौटने के बाद भी ग्राउंड ड्यूटी करने में परेशानी हो रही है।
एक्सीडेंट में रीढ़ की हड्डी में आई थी चोट
पूजा रघुवंशी के मुताबिक, करीब एक साल पहले उनका कार से एक्सीडेंट हुआ था। हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया था। इसके बाद लंबे समय तक उनका इलाज चला और उन्हें आराम करना पड़ा। वह करीब एक साल तक छुट्टी पर रहीं।
ड्यूटी पर लौटने के बाद भी उनकी परेशानी पूरी तरह ठीक नहीं हुई। उनका दावा है कि पिछले 7-8 महीने से स्पाइन में लगातार तेज दर्द बना हुआ है, जिसके कारण ग्राउंड लेवल पर काम करना मुश्किल हो रहा है।
ऑफिस ड्यूटी देने की लगाई गुहार
महिला SI का कहना है कि उन्होंने मेडिकल दस्तावेजों और डॉक्टर की सलाह के आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अपनी स्थिति बताई। उन्होंने अशोकनगर एसपी और पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों से कुछ समय के लिए ऑफिस ड्यूटी देने का अनुरोध किया, लेकिन उनका आरोप है कि उनकी बात नहीं सुनी गई।
‘नौकरी से बचना नहीं चाहती’
पूजा रघुवंशी का कहना है कि वह ड्यूटी से बचना नहीं चाहतीं, बल्कि अपनी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार काम करना चाहती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले करीब पांच महीने से उनका वेतन भी रोक दिया गया है। वेतन नहीं मिलने से आर्थिक परेशानी और बढ़ गई है।
‘छोटी बेटी है मेरी, कोई मदद करे’
वायरल वीडियो में महिला SI भावुक होकर मदद की गुहार लगाती नजर आ रही हैं। उनका कहना है कि उनकी छोटी बेटी भी है और वेतन रुकने से परिवार चलाने में दिक्कत हो रही है। इसी वजह से उन्होंने वीडियो बनाकर अपनी परेशानी लोगों के सामने रखी है।
