CM Transfered funds: केले की खेती करने वाले किसानों को मिली रहत, CM ने सिंगल क्लिक से ट्रांसफर किये 107.72 करोड़
CM Transfered funds: CM मोहन यादव ने बुरहानपुर के 8115 किसानों को बड़ी राहत देते हुए प्राकृतिक आपदा से खराब हुई केला फसल के नुकसान की भरपाई के लिए 107.72 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि सीधे उनके खातों में ट्रांसफर की।
CM Transfered funds: मध्यप्रदेश। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को बुरहानपुर जिले के किसानों को बड़ी राहत दी। उन्होंने प्राकृतिक आपदा में खराब हुई केला फसल के नुकसान की भरपाई के लिए 8115 किसानों के खातों में 107 करोड़ 72 लाख रुपए की मुआवजा राशि सिंगल क्लिक के जरिए ट्रांसफर की।
मुख्यमंत्री भोपाल से वर्चुअली बलराम कृषि महोत्सव से जुड़े और किसानों को संबोधित करते हुए यह राशि जारी की।
आंधी-तूफान से खराब हुई थी केला फसल
बुरहानपुर जिले में 29, 30 मई और 1 जून को तेज आंधी और हवाओं के कारण केले की फसल को भारी नुकसान हुआ था। इस प्राकृतिक आपदा में करीब 8963 हेक्टेयर क्षेत्र में लगी केला फसल प्रभावित हुई थी। इसी नुकसान की भरपाई के लिए किसानों को राहत राशि दी गई है।
सांसद बोले- किसानों के लिए लगातार किया प्रयास
खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने कहा कि बुरहानपुर का केला पूरे देश में अपनी अलग पहचान रखता है। किसानों को जल्द राहत दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए गए, जिसके बाद 8115 किसानों के खातों में सीधे मुआवजा राशि पहुंचाई गई।
विधायक अर्चना चिटनिस ने पारदर्शी सर्वे की सराहना की
बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनिस ने कहा कि इस बार सर्वे पूरी पारदर्शिता के साथ किया गया। पंचायतों में सूची चस्पा की गई और मुआवजा सिर्फ उन्हीं किसानों को मिला, जो वास्तव में खेती कर रहे थे। किराए और बंटाई पर खेती करने वाले किसानों को भी राहत राशि दी गई।
किसानों को दी आधुनिक खेती की जानकारी
बलराम कृषि महोत्सव के दौरान किसानों को आधुनिक खेती, गुणवत्तापूर्ण बीज, जैविक खेती, फसल पोषण और नई कृषि तकनीकों की जानकारी भी दी गई। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों के सवालों के जवाब दिए और नई तकनीकों के बारे में मार्गदर्शन किया।
