एमएस धोनी ने IPL से लिया संन्यास, CSK के बने मेंटर, 5 बार चेन्नई को बनाया चैंपियन
IPL 2027 में महेंद्र सिंह धोनी अब खिलाड़ी के रूप में मैदान पर नजर नहीं आएंगे। करीब 19 साल के सफर के बाद माही ने IPL से संन्यास ले लिया है। CSK ने उन्हें टीम का मेंटर बनाया है।

MS Dhoni IPL Retirement: पीली जर्सी, नंबर 7 और मैदान पर हेलिकॉप्टर शॉट... IPL में धोनी की पहचान रहे ये पल अब यादों का हिस्सा बन जाएंगे। महेंद्र सिंह धोनी ने खिलाड़ी के तौर पर IPL को अलविदा कह दिया है। चेन्नई सुपर किंग्स को पांच बार खिताब दिलाने वाले माही अब नई भूमिका में टीम के साथ रहेंगे। CSK ने उन्हें IPL 2027 के लिए मेंटर बनाया है। यानी धोनी का सफर खत्म नहीं हुआ, बस मैदान से ड्रेसिंग रूम तक पहुंच गया है।
2008 में शुरू हुआ CSK के साथ सफर
धोनी IPL के पहले सीजन यानी 2008 में चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़े थे। शुरुआत से ही टीम की कप्तानी संभालते हुए उन्होंने CSK को लीग की सबसे चर्चित फ्रेंचाइजी में शामिल कराया। हालांकि, 2016 और 2017 में CSK पर प्रतिबंध लगने के कारण धोनी को राइजिंग पुणे सुपरजायंट की ओर से खेलना पड़ा। दो साल बाद चेन्नई की IPL में वापसी हुई तो धोनी भी फिर पीली जर्सी में लौट आए। इसके बाद उनका नाम और CSK एक-दूसरे की पहचान बन गए।
कप्तानी में पांच बार दिलाई IPL ट्रॉफी
धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने पांच बार IPL का खिताब जीता। टीम ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में ट्रॉफी अपने नाम की। इसके अलावा धोनी की अगुआई में CSK ने दो बार चैंपियंस लीग T20 का खिताब भी जीता।
धोनी ने 2022 में कप्तानी रवींद्र जडेजा को सौंपी थी, लेकिन बाद में फिर जिम्मेदारी संभाल ली। IPL 2024 से पहले उन्होंने कप्तानी ऋतुराज गायकवाड़ को दे दी। इसके बाद भी वह टीम के साथ खिलाड़ी के तौर पर जुड़े रहे।
धोनी के IPL करियर के आंकड़े
धोनी के IPL करियर के आंकड़े उनकी निरंतरता और मैच खत्म करने की क्षमता को दिखाते हैं। उन्होंने 278 मुकाबलों में 5,439 रन बनाए। इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 38.30 और स्ट्राइक रेट 137.45 रहा।
उनके नाम 24 अर्धशतक हैं और सर्वोच्च स्कोर नाबाद 84 रन है। धोनी ने IPL में 264 छक्के भी लगाए। हालांकि, उनके खाते में इस टूर्नामेंट का कोई शतक नहीं है। विकेट के पीछे उनकी फुर्ती और आखिरी ओवरों में मैच का रुख बदलने की क्षमता ने उन्हें अलग पहचान दिलाई।
चोट के कारण 2026 में नहीं खेले एक भी मैच
IPL 2026 में धोनी चोट के कारण एक भी मुकाबला नहीं खेल सके। उनकी गैरमौजूदगी में संजू सैमसन ने विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाली। धोनी ने अपना आखिरी IPL मैच 25 मई 2025 को गुजरात टाइटंस के खिलाफ अहमदाबाद में खेला था। उस मुकाबले में उनकी बल्लेबाजी नहीं आई थी।
इससे पहले राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ दिल्ली में खेले गए मैच में उन्होंने 16 रन बनाए थे। 2026 में पूरे सीजन मैदान से दूर रहने के बाद अब उनके संन्यास का फैसला सामने आया है।
CSK के लिए हमेशा खास रहेंगे धोनी
CSK के मालिक एन. श्रीनिवासन ने धोनी के टीम से जुड़ाव को याद करते हुए कहा कि उनके बिना चेन्नई सुपर किंग्स की कल्पना करना मुश्किल है। उन्होंने बताया कि 2008 में धोनी को टीम में शामिल करने का फैसला उनके सबसे अच्छे फैसलों में से एक था। उनके मुताबिक, धोनी हमेशा CSK की पहचान रहेंगे और चेन्नई उनका घर बना रहेगा।
वहीं, रूपा गुरुनाथ ने कहा कि धोनी जैसा खिलाड़ी जिंदगी में एक बार आता है। उनकी कप्तानी, सादगी और अनुभव ने टीम की नींव मजबूत की है। मेंटर के तौर पर उनका अनुभव युवा खिलाड़ियों के लिए काफी उपयोगी होगा।
अब मैदान नहीं, ड्रेसिंग रूम से बनाएंगे रणनीति
धोनी के संन्यास के बाद CSK के सामने नए खिलाड़ियों को तैयार करने और टीम की विरासत को आगे बढ़ाने की चुनौती होगी। ऐसे में उनका मेंटर बनना फ्रेंचाइजी के लिए अहम कदम माना जा रहा है।
धोनी ने अपने करियर में दबाव के बीच फैसले लेने, खिलाड़ियों पर भरोसा जताने और टीम को मुश्किल हालात से निकालने की जो क्षमता दिखाई है, वही अनुभव अब नई भूमिका में काम आएगा।



